विज्ञापन

'विदेशी धरती पर भारत को बदनाम कर रहे...', राहुल गांधी की US में अर्थव्यवस्था वाली टिप्पणी पर बरसी बीजेपी

विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि निम्न-मध्यम आय वर्ग के स्तर पर गरीबी 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत रह गई है, जिससे लगभग 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं.

'विदेशी धरती पर भारत को बदनाम कर रहे...', राहुल गांधी की US में अर्थव्यवस्था वाली टिप्पणी पर बरसी बीजेपी
बीजेपी का राहुल गांधी पर हमला.
NDTV
  • बीजेपी ने राहुल गांधी की भारतीय अर्थव्यवस्था पर की गई टिप्पणियों को देश विरोधी बताया
  • पार्टी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 सालों में भारतीय अर्थव्यवस्था में प्रगति हुई है
  • राहुल गांधी पर विदेश जाकर बार-बार भारत की नकारात्मक छवि पेश करने का प्रयास करते हैं

बीजेपी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के भारतीय अर्थव्यवस्था पर की कई टिप्पणी को लेकर उनकी आलोचना की है. पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने के लिए दिए गए बेबुनियाद, झूठे और भारत-विरोधी बयानों से हर भारतीय शर्मिंदा है. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, पिछले 12 सालों में भारत ने लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, युवाओं के सशक्तिकरण और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के मामले में नई ऊंचाइयां छुई हैं.

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि पिछले 12 सालों में भारत ने लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, युवाओं के सशक्तिकरण और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के मामले में नई ऊंचाइयां छुई हैं.राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, भारत-विरोधी हैं और भारत के 'मीर जाफर' हैं. संसद के हर सत्र से पहले वे विदेश चले जाते हैं, क्या वे वहां अपने विदेशी आकाओं से निर्देश लेने जाते हैं?.

विदेशी धरती पर देश की छवि खराब करने की कोशिश

बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता, हैं जो विदेशी धरती पर बार-बार देश की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं.कई वैश्विक एजेंसियों के अनुमानों का हवाला देते हुए बीजेपी ने कहा कि दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक मानती है लेकिन गांधी भारत को एक आर्थिक आपदा के रूप में पेश करने में जुटे हैं.

राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था पर क्या कहा?

दरअसल राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत आर्थिक आपदा की कगार पर है, जहां बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, विनिर्माण क्षेत्र की बुनियाद कमजोर हो गई है और शिक्षा व्यवस्था में गहरी समस्याएं हैं. भारत के आर्थिक मॉडल ने लगभग एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था.उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया' और ‘स्टार्ट-अप इंडिया' जैसी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये देश की टूटी हुई आर्थिक रीढ़ को फिर से मजबूत करने में विफल रही हैं.

बीजेपी का राहुल गांधी पर हमला

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में गांधी पर विदेशी धरती पर बार- बार भारत की नकारात्मक छवि पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि यही सिलसिला बार बार दोहराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जहां दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक मानती है, वहीं राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश की अर्थव्यवस्था को ‘आर्थिक आपदा' के रूप में पेश करने में जुटे हैं.

भारतीय अर्थव्यवस्था पर IMF का अनुमान

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और वैश्विक वित्तीय सेवा एवं जोखिम मूल्यांकन कंपनी ‘मूडीज' ने वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की आर्थिक विकास दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है. जबकि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के विशेषज्ञों ने इसी अवधि में 7.1 प्रतिशत विकास का अनुमान लगाया है. अमेरिकी बहुराष्ट्रीय निवेश बैंकिंग और वित्तीय सेवा कंपनी ‘गोल्डमैन सैक्स' ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद 2026 में भारत के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 6.9 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया है.

विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि निम्न-मध्यम आय वर्ग के स्तर पर गरीबी 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत रह गई है जिससे लगभग 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं.

ये वाडियो भी देखें-

ये भी पढ़ें-तबाही की कगार पर भारत की अर्थव्यस्था, ⁠बेरोजगारी भी बड़ा संकट... कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बोले राहुल गांधी


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Indian Economy, Rahul Gandhi Indian Economy, BJP Attack Rahul Gandhi, Columbia University
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com