विज्ञापन

VIDEO: पीएम मोदी की रैली में कांग्रेसी नेता मनीष तिवारी, जानिए ये मुलाकात क्यों वायरल

चंडीगढ़ में हुई इस मुलाकात ने सोशल मीडिया को गर्म कर दिया है. बीजेपी पंजाब के विधानसभा चुनाव में इस बार बड़ा कमाल करना चाहती है. खुद अमित शाह इसकी कमान संभाल रहे हैं.

VIDEO: पीएम मोदी की रैली में कांग्रेसी नेता मनीष तिवारी, जानिए ये मुलाकात क्यों वायरल
पीएम मोदी और मनीष तिवारी की मुलाकात के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. (फोटो क्रेडिट-PTI)
  • पीएम मोदी ने चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में 4700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया
  • कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी की उपस्थिति और पीएम मोदी से उनकी बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल है
  • मनीष तिवारी को पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन में कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है और वे असंतुष्ट हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सरकारी योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने चंडीगढ़ पहुंचे. पीएम मोदी के बाएं हाथ की तरफ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बैठे नजर आए और उनके बगल में कांग्रेस के चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी बैठे नजर आए. वहीं पीएम मोदी के दाएं हाथ की तरफ राज्यपाल गुलाब चंद्र कटारिया बैठे और उनके बगल में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बैठे. मंच पर कुल पांच लोगों के लिए ही कुर्सियां लगी हुई थीं और इसमें भी एक पर मनीष तिवारी के बैठने से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए. हालांकि, हैरान होने की तो ये शुरूआत थी. 

क्या ये सिर्फ प्रोटोकॉल

मनीष तिवारी की कार्यक्रम में मौजूदगी पर कहा जा सकता है कि ये एक प्रोटोकॉल है कि पीएम के दौरे पर सांसद मौजूद रहते हैं. मगर इसके बावजूद ऐसा कितनी ही बार हुआ है कि पीएम मोदी के दौरे के समय कांग्रेसी सांसद मौजूद नहीं रहे हैं. यह कार्यक्रम चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में हुआ. पीएम मोदी ने शुक्रवार को यहां 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत' की यात्रा के साथ-साथ एक आधुनिक सोच भी होनी चाहिए, जो भविष्य की तकनीकों और स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित हो. मगर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दिलचस्प नजारा देखने को मिला. मनीष तिवारी और पीएम मोदी की अच्छी खासी बातचीत हुई. उनकी बात सुनकर जेपी नड्डा भी मुस्कुराते नजर आए. इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. लोग पंजाब चुनाव को लेकर तरह-तरह की चर्चा करने लगे हैं.

देखें मुलाकात का वीडियो

अभी 2 जुलाई को ही कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पार्टी की पंजाब इकाई में नए कार्यकारी अध्यक्षों और विभिन्न चुनाव समितियों के प्रमुखों की नियुक्तियों में खुद को ‘नजरअंदाज किए जाने' पर कहा कि काश ! उनके पास ‘‘व्यक्तियों और संस्थाओं की असुरक्षा'' का कोई 'एंटीडोट' (प्रतिरोधक) होता. तिवारी को पंजाब कांग्रेस के हालिया संगठनात्मक पुनर्गठन में कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है. इस पर बीजेपी ने खूब कांग्रेस से लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को सुनाया. बीजेपी ने मनीष तिवारी की सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कांग्रेस फिर से ‘‘टुकड़े-टुकड़े मोड'' में है और उन लोगों की कोई पार्टी में अहमियत नहीं है जो ‘‘परिवार'' को सबसे ऊपर नहीं रखते. इसके बाद पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने 3 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. आज मनीष तिवारी पीएम मोदी संग खिलखिलाते नजर आए.

बीजेपी के टारगेट पर पंजाब

ये बात किसी से छिपी नहीं है कि बीजेपी और पीएम मोदी के लिए अभी सबसे बड़ा टास्क पंजाब है. खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वहां का जिम्मा संभाल लिया है. बीजेपी के कद्दावर नेता पंजाब की एक-एक सीट की मैपिंग कर रहे हैं. आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा अपने संग कई सांसदों को लेकर पहले ही बीजेपी में आ चुके हैं. कांग्रेस के भी कई सांसद और विधायक लाइन में लगे हैं. ऐसे में मनीष तिवारी का पीएम मोदी से मिलना सिर्फ प्रोटोकॉल कहा जाए तो इसे कौन ही मानेगा. पंजाब में वैसे तो 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, मगर कहा जा रहा है कि इसे 2026 में ही कराया जा सकता है. अभी तक बीजेपी या मनीष तिवारी की तरफ से इस मुलाकात पर कोई बयान नहीं दिया गया है.

यह भी पढ़ें-

डिफेंस, ड्रोन और डील: इस सप्ताह होने वाले फार्नबोरो एयरशो की क्यों दुनिया भर में चर्चा

एंडी बर्नहम का ब्रिटिश पीएम बनना अब तय, लेबर पार्टी ने चुना नेता तो बता दिया आगे कैसे चलेगा देश

अमेरिका के कई जेट विमान नष्ट कर दिए-ईरान का बड़ा दावा, मिडिल ईस्ट के कई देशों में हुए हमले

NDTV एक्सक्लूसिव: भारतीयों के साथ नस्लवादी दुर्व्यवहार पर आस्ट्रेलिया सख्त, टोनी बर्क का अहम बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, Manish Tewari, Punjab Election, BJP, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com