प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने डिग्री हासिल करने वाले 3,000 से ज्यादा छात्रों को संबोधित किया और उन्हें जीवन में सफलता के कुछ मंत्र भी दिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिदंगी में आगे आनेवाली चुनौतियों पर बात की और छात्रों को बताया कि वो कैसे इनको पार कर सकते हैं. पीएम ने कहा, "हर पीढ़ी को अपने समय की खास चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी निभानी पड़ती है... अगले 30 से 35 सालों में आप जो कुछ भी करेंगे, उससे 'विकसित भारत' की ओर हमारे सफर पर असर पड़ेगा. इसलिए, आपके हर फैसले का आधार यह भी होना चाहिए कि इससे देश को क्या फायदा होगा?
IIT, दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी की कही गई 10 बड़ी बातें-
- "नई राह खोजने का साहस रखने वालों के लिए चुनौतियां ही अवसर बन जाती हैं"
- "दुनिया बदलेगी तो तकनीक भी बदलेगी और जो सीखता रहेगा, वही जीतेगा"
- "हम अकसर तुलना करते हैं कि किसे कितना पैकेज मिला और कौन किस शहर में गया. यह ध्यान रखना है कि हमें खुद कल से बेहतर बनना है. इसके साथ ही अपनी फिजिकल और मेंटल हेल्थ का भी ध्यान रखना है."
- "आज हमारे युवा रॉकेट लॉन्च कर रहे हैं. ऐसी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो दुनिया में बहुत कम युवाओं के पास हैं.
- "आपकी डिग्री दुनिया को यह बताती है कि आप कठिन समस्याओं का समाधान करना जानते हैं."
- "आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं तो इसके पीछे उस पीढ़ी का तप, त्याग और बलिदान है."
- "आपके हर निर्णय का आधार यह होना चाहिए कि इससे देश को क्या फायदा होगा और कौन सी जरूरत पूरी होगी."
- "जब कोई बड़ी चुनौतियां आएं तो उसे छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर हल निकालें."
- "जिंदगी में कोई तय कोर्स नहीं होता है, न ही कोई तय क्वैश्चन पेपर होता है, कई बार कोई ये भी नहीं बताता कि असली सवाल क्या था."
- "जब-जब बदलाव आता है तो चुनौतियां भी आती हैं."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं