- देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है.
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद किया.
- कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नवंबर 1947 की एक तस्वीर शेयर कर पटेल और इंदिरा गांधी के सम्मान की बात कही.
देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आज पूरा देश उन्हें याद कर रहा है. आज के दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में सेलिब्रेट किया जा रहा है. जगह-जगह कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने सरदार पटेल के योगदान किया है. इस मौके पर कांग्रेस ने भी सरदार पटेल को नमन किया है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरदार पटेल की इंदिरा गांधी और पंडित जवाहर लाल नेहरू के साथ वाली एक तस्वीर शेयर की है. इस तस्वीर के साथ लिखे कैप्शन में जयराम रमेश ने दोनों को अडिग और दृढ़ संकल्प वाला बताया है.
इस तस्वीर के लिखे कैप्शन में जयराम रमेश ने लिखा- दो भारतीय, दोनों ही अडिग और दृढ़ संकल्प वाले. दोनों ने भारतीय उपमहाद्वीप के भूगोल और इतिहास को आकार दिया.
उन्होंने आगे लिखा कि आज हम भारत की स्वतंत्रता के एक प्रमुख शिल्पकार की 151वीं जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने भारत की एकता को धरातल पर साकार किया. वे उस श्वेत क्रांति के भी प्रेरणास्रोत बने, जो कई दशकों बाद आई.
आज ही हम एक अत्यंत साहसी और प्रभावशाली व्यक्तित्व की 42वीं पुण्यतिथि भी स्मरण कर रहे हैं, जिन्होंने स्वतंत्र भारत को परमाणु और अंतरिक्ष शक्ति के रूप में मजबूत बनाया तथा अपने जीवनकाल में हरित क्रांति को गति प्रदान की.

नवंबर 1947 की है तस्वीर
जयराम रमेश ने शेयर किए इस तस्वीर के बारे में खुद ही जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि यह तस्वीर नवंबर 1947 की शुरुआत में नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह की है, जिसे प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के एशियाई क्षेत्रीय सम्मेलन के प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित किया था. तस्वीर में 30 वर्षीय इंदिरा गांधी, 72 वर्षीय उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल का अभिवादन करती दिखाई दे रही हैं.
इतिहास को विकृत करने वाले पटेल के सम्मान को मिटा नहीं सकते
उन्होंने यह भी लिखा कि इतिहास को विकृत करने वाले लोग इंदिरा गांधी द्वारा सरदार पटेल के प्रति रखे गए गहरे सम्मान और प्रशंसा को मिटा नहीं सकते. सरदार पटेल की जन्मशती के अवसर पर इंदिरा गांधी ने उनके बारे में दिल से अपने विचार व्यक्त किए थे. वहीं, सरदार पटेल एकमात्र जीवित व्यक्ति थे जिनकी प्रतिमा का अनावरण स्वयं जवाहरलाल नेहरू ने 13 फरवरी 1949 को गुजरात के गोधरा में किया था.
यह भी पढ़ें - सरदार पटेल के योगदान को नहीं मिला सम्मान, कांग्रेस ने उनकी यादों को मिटाने की कोशिश की: अमित शाह का बड़ा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं