भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है. इंदिरा का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था. उन्हें अपने कड़े फैसलों के लिए जाना जाता है और वो भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं. इंदिरा गांधी दो बार भारत की प्रधानमंत्री बनीं और इसी पद पर रहते हुए उनकी 1984 में हत्या कर दी गई. आज उनकी जयंती पर हम आपको इंदिरा की एजुकेशन के बारे में बता रहे हैं. कैसे उन्होंने शांति निकेतन से पढ़ाई शुरू की और उसके बाद ऑक्सफोर्ड पहुंचीं.
आनंद भवन से निकलकर पुणे में स्कूलिंग
मोतीलाल नेहरू के निधन के बाद जवाहरलाल नेहरू ने इंदिरा गांधी को पुणे भेज दिया. यहां उन्होंने पीपुल्स ओन स्कूल में पढ़ाई शुरू की. आनंद भवन से निकलने के बाद ये पहली बार था, जब इंदिरा किसी दूसरी जगह कम सुख-सुविधाओं के साथ रहीं. इस दौरान इंदिरा बाकी बच्चों से थोड़ी बड़ी थीं, ऐसे में उन्हें कुछ छोटे बच्चों की जिम्मेदारी भी दी जाती थी. इसी स्कूल में पढ़ाई के दौरान इंदिरा को गांधी के करीब आने का मौका मिला और वो वीकेंड पर उनसे मिलने पुणे की यरवदा जेल जाती थीं.
शांतिनिकेतन में पढ़ाई
इसके बाद इंदिरा ने 1934 से 1935 तक शांतिनिकेतन में पढ़ाई की, जहां वो सुबह जल्दी उठती थीं और बाकी छात्रों के साथ प्रार्थना सभा में शामिल होती थीं. इसके अलावा शांतिनिकेतन में उन्होंने योग और ध्यान करना भी सीखा. इस दौरान उन्हें पहली बार अपनी उम्र के छात्र मिले. शांतिनिकेतन में उन्हें रवींद्रनाथ टैगोर की कविताएं पढ़ाई गईं, जिनसे उनका झुकाव टैगोर के प्रति और गहरा होता गया.
बीच में छोड़ना पड़ा शांतिनिकेतन
कमला नेहरू की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, जिसके चलते 1935 में ही इंदिरा को शांतिनिकेतन से वापस लौटना पड़ा. इस दौरान टैगोर ने जवाहरलाल नेहरू को चिट्ठी लिखकर कहा कि भारी मन से वो इंदिरा को विदाई दे रहे हैं. 1936 में मां के निधन के बाद इंदिरा गांधी को ऑक्सफोर्ड के समरविले कॉलेज भेज दिया गया. यहां उन्होंने हिस्ट्री और पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई की. साथ ही अर्थशास्त्र में भी उनका काफी अच्छा प्रदर्शन रहा.
ऑक्सफोर्स की पढ़ाई भी नहीं हुई पूरी
इंदिरा गांधी ने ऑक्सफोर्ड के समरविले कॉलेज में दाखिला तो लिया, लेकिन यहां भी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाईं. उस दौरान द्वितीय विश्वयुद्ध शुरू हो चुका था और 1940 में जब नाजी सेनाएं तेजी से यूरोप पर कब्जा कर रही थीं, तब इंदिरा स्विट्जरलैंड में अपना इलाज करवा रही थीं. उन्होंने पुर्तगाल के रास्ते इंग्लैंड लौटने की कोशिश की, लेकिन करीब दो महीने तक वहीं फंसी रहीं. आखिरकार 1941 की शुरुआत में वो इंग्लैंड पहुंचने में कामयाब रहीं और वहां से ऑक्सफोर्ड की पढ़ाई पूरी किए बिना ही भारत लौट आईं.
पिता की चिट्ठियों ने दी सीख
इंदिरा को कॉलेज या फिर स्कूल से ज्यादा शिक्षा उनके पिता की चिट्ठियों से मिली थी. वो हमेशा इंदिरा को अलग-अलग चीजों को लेकर चिट्ठी में बताते थे और ये सिलसिला लगातार चलता रहा. नेहरू ने ही उन्हें डर से दूर रहना सिखाया और यही चीज उनके तब काम आई, जब वो राजनीति में उतरीं. प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा ने कई ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने भारत को नई दिशा देने का काम किया.
यह भी पढ़ें | IIM से पढ़ने वाली अक्षिता जैन ने छोड़ी 50 लाख की नौकरी, साध्वी बनने के बाद जोधपुर में निकला वरघोड़ा
यह भी पढ़ें | दो से ज्यादा बच्चे होने पर सरकारी नौकरी नहीं, MP के अलावा किन राज्यों में लागू है ये नियम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं