विज्ञापन
This Article is From Dec 11, 2019

Citizenship Bill: BJP ने मनमोहन सिंह के बहाने विपक्ष को घेरा, कहा- पूर्व पीएम की सलाह पर लाया गया बिल

बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (JP Nadda) ने नागरिकता संशोधन विधेयक (CAB) को लेकर कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) की सलाह पर इस बिल को लाया गया है.

Citizenship Bill: BJP ने मनमोहन सिंह के बहाने विपक्ष को घेरा, कहा- पूर्व पीएम की सलाह पर लाया गया बिल
मनमोहन सिंह 2004 से लेकर 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे थे.
  • बीजेपी ने मनमोहन सिंह के बहाने विपक्ष पर साधा निशाना
  • पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सलाह पर लाया गया बिल
  • नागरिकता संशोधन बिल से किसी का नुकसान नहीं- जेपी नड्डा
नई दिल्ली:

नागरिकता संशोधन विधेयक (Citizenship Amendment Bill) को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) की सलाह पर लाया गया, यह कहना है बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (JP Nadda) का. जेपी नड्डा ने विपक्ष को राजनीतिक हितों के बजाय राष्ट्र के हित साधने की नसीहत दी और दावा किया कि इससे पूर्वोत्तर की 'सांस्कृतिक पहचान' को कोई खतरा नहीं पहुंचेगा. राज्यसभा में इस विधेयक पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए नड्डा ने कहा कि यह विधेयक बेहद परेशानियों में जीवन जी रहे लाखों लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देता है.

जेपी नड्डा ने राज्यसभा में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के 18 दिसंबर, 2003 को दिए गए एक बयान का हवाला दिया. नड्डा ने कहा कि उस समय मनमोहन सिंह ने तत्कालीन उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सलाह देते हुए कहा कि ऐसे प्रताड़ित शरणार्थियों को नागरिकता देने के मामले में सरकार को अपने रवैये को उदार बनाना चाहिए और नागरिकता कानून में बदलाव करना चाहिए. नड्डा ने दावा किया कि मनमोहन सिंह की बात को पूरा करते हुए हमारी सरकार इस विधेयक का लेकर आई है.

नागरिकता बिल: राज्यसभा में बोले अमित शाह- क्या चाहते हैं? पूरी दुनिया से मुसलमान यहां आएं और उन्हें हम नागरिक बना दें, देश कैसे चलेगा

भाजपा नेता ने कहा कि पूर्वोत्तर में यह भ्रम फैलाया गया है कि इस क्षेत्र की सांस्कृति पहचान खत्म हो जाएगी. वहां लोगों का अस्तित्व खत्म हो जाएगा. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह इस बात का पहले ही स्पष्ट आश्वासन दे चुके हैं कि इस विधेयक के कानून बनने के बाद भी इनर परमिट व्यवस्था जारी रहेगी. पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक पहचान बरकरार रहेगी. उनके अस्तित्व को कोई खतरा नहीं हुआ है.

उन्होंने कांग्रेस नेता आनंद शर्मा पर आरोप लगाया कि उन्होंने इस विधेयक के विरोध में कई ऐसे तर्क दिए हैं, जिनका मूल से संबंध नहीं है. इस विधेयक का एक ही आधार है कि अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान में जिन लोगों की धार्मिक आधार पर प्रताड़ना हुई है, उन्हें भारत में शरण लेने पर नागरिकता दी जाएगी. इससे पूर्व विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस नेता शर्मा ने इस विधेयक को संविधान की मूल भावना और समानता के अधिकार के खिलाफ बताया था.

Citizenship Amendment Bill: शिवसेना सांसद संजय राउत बोले- वोट बैंक की राजनीति नहीं करनी चाहिए, दोबारा हिंदू-मुस्लिमों को मत बांटो

जेपी नड्डा ने कहा कि यह सच्चाई भले ही जितनी कड़वी हो पर सच बात यही है कि देश का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ है. उन्होंने कहा कि विभाजन के समय जितना नरसंहार हुआ और जितनी बड़ी संख्या में लोग अपना घर छोड़कर एक तरफ से दूसरी तरफ गए, इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ.

उन्होंने कहा कि विभाजन के समय भारत में अल्पसंख्यक मुसलमान, सिख, जैन, पारसी, ईसाई अल्पसंख्यक थे. पाकिस्तान में हिन्दू, सिख, जैन, पारसी, ईसाई अल्पसंख्यक थे. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा के लिए नेहरू-लियाकत अली समझौता हुआ था. किंतु समझौते का पालन पाकिस्तान में नहीं किया गया. पाकिस्तान के संविधान के अनुसार वह एक इस्लामिक राष्ट्र है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की आबादी मात्र दो प्रतिशत रह गई है. उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भारत में अल्पसंख्यक फल-फूल रहे हैं.

संसदीय दल की बैठक में बोले पीएम मोदी- नागरिकता बिल पर पाकिस्तान की भाषा यहां के कई दल बोल रहे, इसे जनता तक ले जाएं

जेपी नड्डा ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह स्थिति को समझना नही चाहती है. उन्होंने कहा कि यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद-14 के तहत समानता के अधिकार को किसी भी तरह प्रभावित नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा कि लोगों को इंदौर, कच्छ या पश्चिम बंगाल में ऐसे शरणार्थियों के हालात जाकर देखना चाहिए. यदि ऐसे लोगों के हालात देख लिए जाए तो व्यक्ति तुरंत इस विधेयक पर मुहर लगा देगा. उन्होंने अफगानिस्तान में हिन्दुओं और सिखों के घरों, दुकानों और मंदिर एवं गुरुद्वारों को तोड़े जाने के बारे में न्यूयॉर्क टाइम्स एवं गार्जियन जैसे समाचार पत्रों की खबरों का हवाला देते हुए कहा कि वहां अल्पसंख्यकों को काफी प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है.

जेपी नड्डा ने आगे कहा कि वहां ऐसे लोगों फिरौती के लिए हत्या की गई. उन्हें बलपूर्वक इस्लाम धर्म स्वीकार करने के लिए विवश किया गया. नड्डा ने कहा कि इस विधेयक के साथ किसी भारतीय नागरिक के साथ अन्याय नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि जब अल्पसंख्यकों की प्रताड़ना धर्म के आधार पर की गई है तो उसका समाधान भी धर्म के आधार पर ही होगा. इस विधेयक को बस इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि राजनीति के हित में कुछ और होता है और देश के हित में कुछ और. उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि वह राजनीति का हित छोड़कर देश के हित को देखें.

VIDEO: नागरिकता संशोधन बिल पर उद्धव ठाकरे ने कहा- जब तक हमारे शक दूर नहीं होते तब तक नहीं करेंगे समर्थन

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Citizenship Amendment Bill, JP Nadda, CAB, Manmohan Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com