- बुंदेलखंड में जल्द ही15.17 किलोमीटर लंबा छह लेन लिंक एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है
- यह एक्सप्रेसवे भरतकूप से रामघाट तक जाएगा और स्थानीय रास्तों की जगह तेज कनेक्टिविटी देगा
- इस एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे, जिससे कम समय में यात्रा पूरी होगी
बुंदेलखंड में नया लिंक एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है. यह 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रसेवे चित्रकूट धाम को सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इसके बनने से बिना ट्रैफिक जाम के सीधे चित्रकूट धाम तक पहुंचना आसान हो जाएगा. इसका फायदा उत्तर प्रदेश के साथ ही मध्य प्रदेश के लोगों को भी होगा. सतना, रीवा और जबलपुर से चित्रकूट आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी. वहीं आगरा-लखनऊ से बुंदेलखंड तक कनेक्टिविटी और भी बेहतर हो जाएगी. यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे पर जाकर दिल्ली-एनसीआर (नोएडा, ग्रेटर नोएडा) के रूट से भी जुड़ेगा. इससे दिल्ली-NCR से से चित्रकूट तक का सफर फर्राटेदार हो जाएगा.
15.17 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे
लिंक एक्सप्रेसवे करीब 15.17 किलोमीटर लंबा होगा. इसके बनने के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को चित्रकूट जाने के लिए स्थानीय रास्तों से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा. यह एक्सप्रेसवे भरतकूप के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट गोंडा से शुरू होगा और बेड़ी पुलिया-रामघाट फोरलेन रास्ते पर रानीपुर भट्ट तक जाएगा. इस नए रोड से चित्रकूट आने-जाने वालों को काफी फायदा होगा. वर्तमान में उनको भरतकूप उतरकर स्थानीय रास्तों से होते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे लेना पड़ता है. लेकिन लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद चित्रकूट, रामघाट और आसपास के धार्मिक स्थलों तक पहुंच ज्यादा आसान हो जाएगी.

120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार
चित्रकूट छह लेन एक्सप्रेसवे पर वाहन चलेंगे नहीं बल्कि फर्राटा भरेंगे. इस नई सड़क पर वाहन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगे. यह लिंक एक्सप्रेसवे मंदाकिनी नदी के घाट, कामदगिरि परिक्रमा मार्ग और रामघाट जैसे प्रमुख केंद्रों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करेगा. इससे लोग खासकर श्रद्धालु बिना किसी ट्रैफिक जाम के सीधे चित्रकूट धाम तक बहुत आसानी से पहुंच पाएंगे. चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे से मध्य प्रदेश के जबलपुर, सतना और रीवा जैसे शहरों से आने-जाने वालों को भी फायदा मिलेगा.
1008.67 करोड़ रुपये से बनेगा चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे
चित्रकूट छह लेन लिंक एक्पसप्रेसवे करीब 1008.67 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. इसका पूरा खर्च उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार उठाएगी. केंद्र से इसके लिए एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, इससे पहले देश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेसवे का खर्च भी राज्य ने बिना किसी बाहरी बैंक कर्ज के उठाया था.
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे की खासियत जानें
- एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 15.172 किलोमीटर होगी.
- इसकी चौड़ाई 110 मीटर होगी. यह 6 लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा.
- एक्सप्रेसवे पर पुल, फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए जाएंगे.
- एक्सप्रेसवे पर 1 बड़ा पुल, 4 छोटे पुल, 1 फ्लाईओवर, 17 अंडरपास, 23 पुलिया बनेंगी.
- इसके साथ ही लिंक एक्सप्रेसवे पर 1 टोल प्लाजा भी बनाए जाने का प्रस्ताव है
चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे बनाए जाने के लिए जल्द ही एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके लिए ग्लोबल टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे. एजेंसी फाइनल होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. बता दे ंकि इस एक्सप्रेसवे को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के साथ झांसी लिंक एक्सप्रेसवे से भी जोड़े जाने की योजना है, इससे झांसी, जालौन रूट के यात्रियों को भी हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी.
ये भी पढे़ं-दिल्ली से 8 घंटे में गोरखपुर, बनेगा UP का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे, बिहार-बंगाल समेत 6 राज्यों की कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं