- अदाणी ग्रुप ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 80 कमरों वाला स्वर्ल ट्रांजिट होटल शुरू किया है.
- यह होटल एयरपोर्ट परिसर के अंदर स्थित है और यात्रियों को घंटे के हिसाब से कमरे बुक करने की सुविधा देता है.
- होटल में छह अलग-अलग कैटेगरी के कमरे हैं, जिनका आकार 130 से 410 वर्गफुट तक है और कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं.
फ्लाइट देर रात की फ्लाइट हो या कनेक्टिव, अक्सर लोगों को एयरपोर्ट के आस-पास होटल की जरूरत पड़ती है. यहीं कारण है कि सभी बड़े एयरपोर्ट के आस-पास कई बड़े-बड़े होटल होते हैं. लेकिन एयरपोर्ट से निकलकर होटल तक पहुंचना एक चुनौती होती है. क्योंकि इसके बीच दो-तीन किलोमीटर का फासला तो होता ही है. यात्रियों को होने वाली इस असुविधा को दूर करने के लिए अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने मंगलवार को एक नई सुविधा की शुरुआत की है. यह सुविधा है एयरपोर्ट परिसर में ही होटल की. होटल भी ऐसा-वैसा नहीं, वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी से लैस और सबसे खास बात यह कि इस होटल में कमरे घंटे के हिसाब से भी बुक किए जा सकते हैं.
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर 80 कमरों वाला होटल शुरू
दरअसल मंगलवार को अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) पर 80 कमरों वाले ट्रांजिट होटल 'स्वर्ल ट्रांजिट होटल' की शुरुआत की. यह होटल यात्रियों को हवाई अड्डे के भीतर ही आराम करने, तरोताजा होने और काम करने की सुविधा उपलब्ध कराएगा.
घंटे के हिसाब से भी बुक होगा होटल
कंपनी के अनुसार, टर्मिनल-1 के अराइवल स्तर पर स्थित यह दो मंजिला होटल लंबी लेओवर टाइमिंग, सुबह-सुबह की फ्लाइट, देर रात अराइवल और कम समय के ठहराव वाले यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है. होटल में यात्रियों को घंटे के आधार पर और रातभर ठहरने का विकल्प मिलेगा. साथ ही शॉवर सुविधा, भोजन और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.

6 अलग-अलग कैटेगरी वाले कमरे
मेहमान चाहे तो चार घंटे या फिर रातभर के लिए कमरा बुक कर सकेंगे. होटल में कुल 80 कमरे हैं, जो 6 अलग-अलग कैटेगरी में है. इनमें सुपीरियर सिंगल, सुपीरियर डबल, सुपीरियर ट्विन, सुपीरियर एक्सेसिबल, जूनियर सुइट और एग्जीक्यूटिव सुइट शामिल हैं. कमरों का आकार 130 वर्गफुट से 410 वर्गफुट तक है.
CEO बोले- जल्द अन्य एयरपोर्ट पर भी शुरू करेंगे होटल
AAHL के नॉन-एयरो बिजनेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुचित बंसल ने कहा कि स्वर्ल ट्रांजिट होटल यात्रियों को उड़ानों के बीच आराम करने, काम करने और तरोताजा होने की अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगा. उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में अपने अन्य हवाई अड्डों पर भी इस सुविधा की शुरुआत कर सकती है. होटल में 24 घंटे संचालित होने वाला ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट है, जिसमें 40 लोगों के बैठने की व्यवस्था है. इसके अलावा 24 घंटे इन-रूम डाइनिंग, ग्रैब-एंड-गो सेवाएं और बार की सुविधा भी दी गई है.

नवी मुंबई के बाद अब गुवाहाटी एयरपोर्ट पर बनेगा ट्रांजिट होटल
कंपनी ने बताया कि अब गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी इसी तरह के ट्रांजिट होटल को शुरू करने की योजना है. यहां टर्मिनल-2 के आगमन क्षेत्र के सुरक्षित जोन में 21 कमरों की संपत्ति विकसित की जाएगी. इसमें ट्रांजिट यात्रियों और व्यावसायिक यात्रियों के लिए कार्यस्थल और बैठक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.
AAHL ने कहा कि स्वर्ल ट्रांजिट होटल की शुरुआत उसके हवाई अड्डा नेटवर्क में गैर-विमानन (नॉन-एयरोनॉटिकल) सेवाओं के विस्तार की व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.

मालूम हो कि मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) की बढ़ती विमानन जरूरतों को पूरा करने के लिए विकसित किए गए ग्रीनफील्ड नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिसंबर 2025 में वाणिज्यिक परिचालन शुरू हुआ था. वहीं, 15 जुलाई 2026 से एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा अबू धाबी के लिए उड़ान सेवा के साथ अंतरराष्ट्रीय परिचालन की शुरुआत हुई.
यह भी पढ़ें - मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा अपडेट, 60 साल पुराने टर्मिनल का कायाकल्प करेगा अदाणी ग्रुप, यात्रियों के लिए क्या जानना है जरूरी?
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं