विज्ञापन

28 MLC चुनाव बैलेट पेपर से हुए, फिर भी कांग्रेस को मिली जीरो सीट... बीजेपी का राहुल गांधी पर तंज

चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों के चुनाव नतीजों में बीजेपी और एनडीए उम्मीदवारों को बढ़त मिलने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है.

28 MLC चुनाव बैलेट पेपर से हुए, फिर भी कांग्रेस को मिली जीरो सीट... बीजेपी का राहुल गांधी पर तंज
बैलेट पेपर से चुनाव, फिर भी नहीं जीती कांग्रेस; BJP ने राहुल गांधी को घेरा
NDTV
  • चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों पर हुए चुनावों में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई
  • सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा
  • सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच जाकर मेहनत करनी चाहिए

चार राज्यों की 28 सीटों पर हुए एमएलसी चुनावों के नतीजे लगभग साफ हो गए हैं. इन चुनावों में बीजेपी और एनडीए उम्मीदवारों को अच्छी बढ़त मिली है. यूपी में समाजवादी पार्टी के भी कुछ उम्मीदवारों के हाथ जीत लगी है. लेकिन कांग्रेस एक भी सीट पर चुनाव नहीं जीत पाई. इसे लेकर बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा. बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने भारतीय चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठे आरोपों का जो माहौल बनाया था, उनकी अराजकता फैलाने की उम्मीदें चुनाव परिणामों के साथ ही चकनाचूर हो गई हैं.

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव बैलेट पेपर से हुए, इसके बाद भी कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई.

'कांग्रेस को जनता के बीच जाकर करनी चाहिए मेहनत'

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया को लेकर झूठे दावों का बतंगड़ बनाने के बजाय कांग्रेस को जनता के बीच जाकर मेहनत करनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की है, लेकिन एमएलसी चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति स्पष्ट कर दी है.

भाजपा सांसद ने कहा कि संदेश साफ है कि कांग्रेस पार्टी इन एमएलसी चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में नाकाम रही है. सबसे अहम बात यह है कि ये चुनाव बैलेट बॉक्स और बैलेट पेपर के जरिए कराए गए थे, फिर भी कांग्रेस अपना प्रभाव नहीं दिखा पाई. अगर कांग्रेस नेताओं की भाषा में कहें तो पार्टी अपना अस्तित्व तक महसूस कराने में विफल रही है. इससे साफ होता है कि कांग्रेस के पास किसी भी चुनाव में जनता और मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की क्षमता नहीं है, चाहे चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट पेपर से.

'मौज-मस्ती और सैर-सपाटा करने के बाद वापस लौटे राहुल'

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह करीब दो सप्ताह तक मौज-मस्ती और सैर-सपाटा करने के बाद वापस लौटे हैं और अब ऐसे आंदोलन की बात कर रहे हैं, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं. उन्हें समझना चाहिए कि न तो जनता और न ही विधायक उनके साथ हैं. जनता का समर्थन कड़ी मेहनत से मिलता है, न कि सैर-सपाटे और मौज-मस्ती से.

सुधांशु त्रिवेदी ने भाजपा नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पंजाब में सक्रिय हैं. दूसरी ओर, राहुल गांधी कथित तौर पर चंपा में घूम रहे थे. उन्होंने बताया कि चंपा वियतनाम का प्राचीन नाम है. इसके बावजूद राहुल गांधी जनता के समर्थन की उम्मीद कर रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को कामचोरी की आदत छोड़ देनी चाहिए. ऐसा करने पर 'वोट चोरी' का नारा अपने आप खत्म हो जाएगा.

यह भी पढ़ें | SIR पर सुप्रीम कोर्ट के तीखे सवाल, 43 लाख मतदाताओं का क्या होगा? फॉर्म-6 को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MLC Election, MLC Election 2026, MLC Election News, Rahul Gandhi, Rahul Gandhi News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com