दिल्ली के रामलीला मैदान में जिस दिन विपक्ष की रैली है. उसी दिन भाजपा दिल्ली में सिखों का मार्च निकालेगी. भाजपा के इस विरोध मार्च में 5000 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. बड़ी बात है कि इस मार्च में बीजेपी के कई बड़े नेता और मंत्री भी शामिल होंगे. जानकारी के मुताबिक, भाजपा की तरफ से आयोजित सिखों का यह मार्च दिल्ली में तिलक नगर से हरी नगर तक सुबह 11 बजे होगा. भाजपा का यह मार्च इंडिया ब्लॉक की रैली के विरोध में आयोजित किया जा रहा है.
रैली से पहले विपक्ष का मार्च
दरअसल, रामलीला मैदान में होने रैली से पहले विपक्षी नेताओं का एक मार्च निकाला जाएगा. राहुल गांधी ने बताया कि यह मार्च मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से लेकर रामलीला मैदान तक जाएगा. अब विपक्ष के मार्च और रामलीला मैदान की रैली के विरोध में भाजपा ने भी उसी दिन (1 नवंबर) दिल्ली में विरोध मार्च निकालने का फैसला किया है.
बीजेपी भी निकालेगी विरोध मार्च
तिलक नगर से हरि नगर तक दिल्ली के 5000 से ज़्यादा नागरिक सुबह 11 बजे एक विरोध मार्च निकालेंगे. इनमें मुख्य रूप से सिख समुदाय के लोग और 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ित शामिल हैं. इस मार्च में हरदीप पुरी जैसे वरिष्ठ भाजपा नेता और भाजपा के अन्य सिख चेहरे भी शामिल होंगे.
दिल्ली आने से रोकने की कोशिश का आरोप
बता दें कि राहुल गांधी ने विपक्ष की रैली और मार्च में बड़ी संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की है. साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि यह रैली किसी एक राजनीतिक दल की नहीं है. यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है.
इस दौरान एक वीडियो में कांग्रेस नेता ने रामलीला मैदान की रैली में शामिल होने के लिए लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोके जाने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें
1 नवंबर को कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक विपक्ष का मार्च, राहुल गांधी ने बताया पूरा रूट
जनअभियोग तक कैसे पहुंची बात... ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी आंदोलन की पूरी क्रोनोलॉजी समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं