विज्ञापन

1 नवंबर को कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक विपक्ष का मार्च, राहुल गांधी ने बताया पूरा रूट

एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली से पहले विपक्ष एक बड़ा मार्च भी निकालेगा. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने खुद इसका ऐलान किया है.

राहुल गांधी.
IANS
नई दिल्ली:

एक दिन पहले ही राहुल गांधी ने बता दिया था कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली से पहले मार्च निकाला जाएगा. राहुल ने कहा था कि यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है.

इसके बाद इंस्टाग्राम पर किसी यूजर ने उनसे इस मार्च का रूट पूछा था. इसके जवाब में राहुल ने बताया कि मिंटो रोड और कनॉट प्लेस के जंक्शन से लेकर रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा.

मार्च में सभी से शामिल होने की अपील की

राहुल ने कहा कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाले मार्च में पूरा विपक्ष शामिल होगा. यह किसी एक राजनीतिक दल का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि इसमें हर वह व्यक्ति शामिल हो सकता है जो विरोध करना चाहता है. 

राहुल गांधी ने कहा कि राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सिविल सोसायटी, पत्रकारों और आम लोगों का इस कार्यक्रम में स्वागत है.

उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली और मार्च होगा, जिसमें राजनीतिक दलों के अलावा आम नागरिक, कारोबारी, नौकरीपेशा लोग, छात्र, पत्रकार और सिविल सोसायटी से जुड़े लोग भी शामिल हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें | जनअभियोग तक कैसे पहुंची बात... ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी आंदोलन की पूरी क्रोनोलॉजी समझिए

आज होने वाली मॉक पार्लियामेंट स्थगित

विपक्ष शुक्रवार को एक मॉक पार्लियामेंट भी करने वाला था, लेकिन बारिश के चलते इसे शनिवार तक के लिए टाल दिया गया.

राहुल गांधी ने बताया कि बारिश के कारण आज होने वाला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. अब यह कार्यक्रम शनिवार को इसी समय आयोजित किया जाएगा.

उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री की ओर से लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश की जा रही है. उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोके जाने का प्रयास किया जा रहा है.

राहुल गांधी ने कहा, ''आप रामलीला मैदान में देखिएगा कि कितने लोग आते हैं और कितने लोगों को वे रोक पाते हैं. इससे आपको समझ में आ जाएगा कि देश में क्या हो रहा है. लोगों में भारी गुस्सा और भावनात्मक पीड़ा है, क्योंकि लाखों लोगों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। उनका वोट छीना जा रहा है.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Ramlila Ground, Congress, INDIA Alliance, Congress Rally
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com