- राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर लगाया छात्रों पर गोली चलवाने का आरोप
- कांग्रेस सांसद ने कहा कि गृह मंत्री को हटाया जाना चाहिए
- बीजेपी ने कहा- भ्रम फैलाने के लिए राहुल को देश से मांगनी चाहिए माफी
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद में दिए अपने बयान पर कायम हैं. उन्होंने कहा, ''मैं माफ़ी नहीं मांगूंगा... मेरे लिए सबसे अहम मुद्दा यह है कि दिल्ली की सड़कों पर हमारे छात्रों के साथ बर्बरता की गई. उन पर पैलेट गन से गोलियां चलाई गईं." राहुल के इस बयान पर बीजेपी ने दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने भ्रम फैलाया है, उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा, "अमित शाह गृह मंत्री हैं. पैलेट गन का इस्तेमाल गृह मंत्री की इजाजत के बिना नहीं किया जाता है. गृह मंत्री ने ऑर्डर किया था पैलेट गन चलाने का या फिर इन्हें पता ही नहीं था कि ऐसा दिल्ली में हो रहा था. कोई भी कारण हो लेकिन इन्हें हटाया जाना चाहिए. ये लोकसभा में नहीं आ पाए हैं... हिंसा किसने की थी? दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय को रिपोर्ट करती है." उन्होंने आगे कहा, "अनेक बच्चों को पैलेट गन से मारा गया है. मैंने अपनी आंखों से छर्रे देखे हैं. सरकार कह रही है कि हमने पैलेट गन का इस्तेमाल ही नहीं किया है."
'देश का कोई भी छात्र idiot या अंधभक्त नहीं है'
राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने शाम को एक बार फिर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उसमें तथ्यों को भटकाने की कोशिश की. राहुल गांधी यहां माफी नहीं मांगते हैं, लेकिन कोर्ट में जाकर एफिडेविट देकर माफी मांगते हैं. इससे पहले संबित पात्रा ने कहा था, ''राहुल गांधी ने देश के छात्रों को तीन कैटेगरी में बांटा है और यह छात्रों का अपमान है. हम स्पष्ट रूप से कहते हैं, इस देश के सारे छात्र देशभक्त हैं, इस देश का कोई भी छात्र idiot या अंधभक्त नहीं है.
सदन में राहुल गांधी ने क्या कहा?
बता दें, लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान बुधवार को राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया था. राहुल गांधी ने कहा, "आज मुझे यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि इस देश के तथाकथित गृह मंत्री में यहां आकर बैठने की हिम्मत नहीं है. मैंने उनका काफिला देखा और गृह मंत्री को कार के अंदर बैठे, कांपते हुए देखा. गृह मंत्री आज यहां क्यों नहीं हैं? क्योंकि वह डरे हुए हैं. गृह मंत्री डरे हुए हैं, उन्होंने ही हमारे छात्रों पर गोली चलाने की इजाजत दी थी. उन्होंने हमारे छात्रों के शरीर में छर्रे (पेलेट्स) घुसवाए, उन्होंने ही भारत के छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था.'' राहुल के इस बयान को लेकर लोकसभा में हंगामा हो गया.
बीजेपी ने दिया जवाब
बीजेपी ने इसको लेकर कांग्रेस सांसद पर हमला बोला. भाजपा सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, ''आज राहुल गांधी के पास कोई तथ्य नहीं था. राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर गोली चलाई गई थी, लेकिन भाजपा आधिकारिक रूप से कहती है कि गोली नहीं चलाई गई थी."
संबित पात्रा ने कहा, "छात्र आंदोलन में हमारी पार्टी के नेताओं ने छात्रों से बातचीत की और उसका समाधान निकाला. 2024 में भी कानून बना था और उसमें संशोधन करके उसे और कठोर बनाया गया. लगभग 45 सांसदों ने उसमें भाग लिया था. लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बिल को पेश किया था. वोटिंग के माध्यम से वह कानून बना है. मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी इसमें शामिल हुए, लेकिन हमेशा की तरह, झूठ और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया गया. संसद में राहुल गांधी ने झूठ फैलाया. 'गोली चलाई गई' वाली राहुल की टिप्पणी बेहद निंदनीय है. संबित पात्रा ने दावा करते हुए कहा कि कोई गोली नहीं चलाई गई. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदर्शन या मार्च के दौरान यदि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनती है तो मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेते हैं. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री इस तरह की कार्रवाई का आदेश नहीं देते. ऐसे में गृह मंत्री पर लगाया गया आरोप पूरी तरह तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला है.
संबित पात्रा ने राहुल गांधी के विदेश दौरों पर निशाना साधते हुए कहा कि गृह मंत्री आपकी तरह विदेश यात्राओं पर नहीं जाते. जब राहुल गांधी बोल रहे थे तब गृह मंत्री संसद में मौजूद थे. जितेंद्र सिंह ने बिल पेश किया. वह भी सदन में मौजूद थे.
कांग्रेस के लिए Gen G - जेन गांधी
संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए Gen G 'जेन गांधी' है. अब बीजेपी ही वह पार्टी है जो (Gen Z) युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करती है. उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने दावा किया कि "माइक बंद कर दिया गया", जबकि उन्होंने खुद ही अपना माइक बंद कर लिया. वह हमेशा 'विक्टिम कार्ड' साथ रखते हैं. सुरक्षा बलों द्वारा लड़कियों के कपड़े फाड़ने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि CRPF और सुरक्षा बल ही 'मां भारती' की गरिमा की रक्षा करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं