- कांग्रेस ने चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को परिसीमन बिल पर समर्थन वापस लेने के लिए मनाने की कोशिश की.
- एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया कि परिसीमन बिल के खिलाफ कोई विकल्प न होने के कारण उनका दल इसे समर्थन करेगा.
- राहुल गांधी ने स्टालिन से मुलाकात के बाद कहा कि परिसीमन बिल तमिल संस्कृति और पूरे भारत के लिए खतरा है.
परिसीमन बिल पर डीएमके को मनाने के लिए चेन्नई पहुंचे कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की कोशिश नाकाम साबित हुई. इस मुलाकात के दौरान राहुल और स्टालिन गले तो मिले लेकिन परिसीमन बिन पर दोनों नेताओं को दिल नहीं मिला. पिछली बार इसी परिसीमन बिल को काला कानून बताते हुए स्टालिन ने इसकी कॉपियां फाड़ दी थी. लेकिन इस बार डीएमके ने परिसीमन बिल के समर्थन का ऐलान किया है. रविवार को डीएमके को मनाने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी सहित अन्य नेता चेन्नई पहुंचे थे.
स्टालिन बोले- हमारे पास परिसीमन बिल को सपोर्ट करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं
मुलाकात के बाद दोनों ओर से नेताओं के बयान भी सामने आए. राहुल गांधी ने कहा कि हमने स्टालिन को अपनी बातें बताई. उनसे परिसीमन बिल पर समर्थन मांगा. दूसरी ओर स्टालिन ने कहा कि हमारे पास डीलिमिटेशन बिल को सपोर्ट करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं है.
अब शरद पवार को मनाने के लिए मुंबई जा रहे कांग्रेस नेता
चेन्नई में डीएमके को मनाने की कोशिश नाकाम होने के बाद बाद अब कांग्रेस नेता शरद पवार को मनाने के लिए मुंबई जा रहे हैं. शरद पवार गुट ने भी परिसीमन बिल के समर्थन का ऐलान किया है. सोमवार को संसद में पेश होने वाले परिसीमन बिल पर कांग्रेस नेता विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं.
चेन्नई में स्टालिन के घर पर जुटे कई विपक्षी दलों के नेता
चेन्नई में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की. इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल थीं. बैठक का मकसद केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल पर DMK को अपना समर्थन वापस लेने के लिए राजी करना था.
यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब एक दिन पहले ही DMK ने संकेत दिया था कि वह केंद्र के परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी. इस रुख ने कांग्रेस और DMK के बीच खुले मतभेद को उजागर कर दिया है. कांग्रेस लगातार प्रस्तावित संवैधानिक संशोधनों और परिसीमन प्रक्रिया का विरोध कर रही है.
स्टालिन से मिलने के बाद क्या बोले राहुल गांधी
स्टालिन से मिलने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, '''हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि DMK ने क्या कहा या क्या किया है? मैं आपको उस बारे में बता रहा हूं जिस पर हमने चर्चा की. हमने स्टालिन से कहा कि यह तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और पूरे भारत के लिए एक खतरा है. स्टालिन जी को, सभी देशभक्त लोगों की तरह, इस खतरे के खिलाफ खड़ा होना चाहिए...''
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि स्टालिन के साथ हमारी बहुत अच्छी और सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई. हमने उनके सामने अपना नजरिया रखा. हमारा मानना है कि परिसीमन के जरिए 850 सीटों वाली संसद बनाना और बीजेपी को इन 850 सीटों का स्वरूप पूरी तरह से तय करने की छूट देना, भारत में चुनाव क्षेत्रों की प्रकृति को बदल देगा. यह न केवल पूरे भारत के लिए, बल्कि दक्षिण भारत और ख़ास तौर पर तमिलनाडु के लिए भी नुकसानदेह है...''
राहुल सहित विपक्षी नेताओं से मिलने के बाद क्या बोले स्टालिन
DMK चीफ एम के स्टालिन ने कहा, "हमारा स्टैंड यह है कि अगर डीलिमिटेशन बिल गिर गया, तो हम तमिलनाडु को मिलने वाली थोड़ी सी भी सुरक्षा खो देंगे. हमारे पास डीलिमिटेशन बिल को सपोर्ट करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं है." इसके साथ ही स्टालिन ने ये भी कहा कि कांग्रेस गठबंधन ने परिसीमन को लेकर कोई और दूसरा ऑप्शन भी नहीं दिया है. स्टालिन ने एक्स पोस्ट भी अपनी बात की.
यह भी पढ़ें - 'परिसीमन के समर्थन के अलावा कोई रास्ता नहीं...', एमके स्टालिन ने बताया बिल पर क्यों दिया मोदी सरकार का साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं