विज्ञापन

बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को बनाया उम्मीदवार

नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी के युवा चेहरे हैं, वो महज 32 साल के हैं. नीरज बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को बनाया उम्मीदवार
  • भाजपा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार बंटी की जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है
  • अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था
  • नीरज कुमार भाजपा में बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जैसे पदों पर काम कर चुके हैं
पटना:

बीजेपी ने पटना के बांकीपुर से अभिषेक कुमार 'बंटी' की जगह अब नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है. पार्टी की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में इसकी घोषणा की गई है. इससे पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारण का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था.

बीजेपी ने साथ ही मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. यहां से बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट दिए जाने की चर्चा चल रही थी.
 

Latest and Breaking News on NDTV

कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा?

उपलब्ध बायोडाटा के अनुसार, नीरज कुमार सिन्हा का जन्म 1 जुलाई 1994 को पटना में हुआ. उनके पिता का नाम स्वर्गीय युग कुमार और माता का नाम स्वर्गीय सरोज देवी है. वह वर्तमान में मीठापुर के निवासी हैं. वह अविवाहित हैं और उन्होंने बी.ए. तक की शिक्षा प्राप्त की है.

नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं. नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी में बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. इसके अलावा वो दो बार मंडल अध्यक्ष भी रहे हैं. अब भी वो मंडल अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे हैं. नीरज पार्टी के युवा चेहरे हैं और महज 32 साल के हैं.

नीरज के चाचा नरेंद्र भारती भी जनसंघ के दौर से और उसके बाद भाजपा में शामिल रहे. 1984 में उनके निधन के बाद उनके ही नाम पर मंडल का नाम रखा गया. फिलहाल नीरज इसी मंडल के अध्यक्ष हैं. उनका मुकाबला जन सुराज के प्रशांत किशोर और महागठबंधन उम्मीदवार रेखा गुप्ता से है.

बीजेपी उम्मीदवार रहे अभिषेक कुमार सिन्हा ने वापस लिया नामांकन

इससे पहले बीजेपी के उम्मीदवार रहे अभिषेक कुमार सिन्हा ने पारिवारिक कारणों की वजह से नामांकन वापस ले लिया था. उन्होंने कहा कि मैंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को इससे संबंधित एक पत्र सौंपा है. भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए NDA उम्मीदवार के तौर पर चुना था. इसके लिए मैं केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं. मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं. मैं एक पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा.

Latest and Breaking News on NDTV

भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के इस फैसले के बाद बांकीपुर उपचुनाव का राजनीतिक समीकरण और दिलचस्प हो गया है. अब पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया है.

बता दें कि बांकीपुर में आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता, जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर और अब भाजपा से नीरज कुमार सिन्हा मैदान में हैं. माना जा रहा है कि इनके बीच काफी दिलचस्प मुकाबला हो सकता है.

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है.

इसे भी पढ़ें: कौन हैं 32 साल के नीरज कुमार सिन्हा, जो बांकीपुर उपचुनाव में बने भाजपा के नए उम्मीदवार

इसे भी पढ़ें: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने वापस लिया नामांकन, वजह भी बताई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar BJP, Bihar BJP Candidate, Bankipur By Election News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com