- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है, प्रचार जोरों पर है
- BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर रोड-शो में महिला सुरक्षा और पार्टी के चुनावी वादों पर चर्चा की.
- BJP का वादा है कि महिलाओं को तीन हजार रुपए दिए जाएंगे और शिक्षित बच्चों को नौकरी मिलेगी.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है. राज्य में दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है. इससे पहले इन दिनों ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार का दौर जारी है. गुरुवार को राज्य की हाई प्रोफाइल सीट भवानीपुर में एक रोड-शो के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने एनडीटीवी के साथ खास बातचीत की. एनडीटीवी के एडिटर इन चीफ राहुल कंवल के साथ खास प्रोग्राम 'वॉक द टॉक' में सुवेंदु अधिकारी ने चुनावी रणनीति के साथ-साथ घोषणा पत्र के वादों पर भी खुलकर चर्चा की.
महिला सुरक्षा की नीति पर भी बोले सुवेंदु अधिकारी
इस रोड-शो के दौरान महिलाओं की भीड़ से घिरे सुवेंदु अधिकारी ने महिला सुरक्षा पर भी बीजेपी की नीति के बारे में बताया. बीजेपी घोषणा पत्र में महिलाओं को तीन हजार रुपए देने से जुड़े सवाल पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा, इन महिलाओं की दो ही मांग है. शिक्षित बच्चों को नौकरी और महिलाओं को सुरक्षा. बीजेपी ये दोनों वादे पूरे करेगी.
#WalkTheTalk | 'TMC सरकार रेपिस्ट को संरक्षण देती है'- शुभेंदु अधिकारी
— NDTV India (@ndtvindia) April 16, 2026
देखिए 'वॉक द टॉक' @rahulkanwal के साथ #NDTVExclusive | #WestBengalElection2026 | #SuvenduAdhikari | #BJP | @SuvenduWB pic.twitter.com/Nwct1h2Acl
आरजी कर बड़ा मुद्दा, संदेशखाली बड़ा मुद्दाः सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "आरजी कर बड़ा मुद्दा है, संदेशखाली बड़ा मुद्दा है. दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज बड़ा मुद्दा है. ये सरकार रेपिस्ट को सुरक्षा देता है. मुख्यमंत्री कहती है कि शाम होने के बाद महिलाएं बाहर न निकले. BJP ने दुर्गा स्क्वाड बनाने का वादा किया है. महिला बटेलियन का वादा किया है."
बीजेपी ने आरजी कर पीड़िता की मां को दिया टिकट
मालूम हो कि बीजेपी ने आरजी कर पीड़िता की मां को भी विधानसभा चुनाव का टिकट दिया है. आरजी कर पीड़िता की मां को जिताने में भी बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक रखी है. अब देखना है कि बंगाल के चुनाव में जनता किसके वादों पर ज्यादा एतबार करती है और आने वाले दिनों में जीतने वाली पार्टी अपने वादों को किस हद तक पूरा करती है.
यह भी पढ़ें - क्या BJP की बंगाल में इतनी ताकत हो गई है कि वो ममता को हरा देगी? NDTV के सवाल पर क्या बोले सुवेंदु अधिकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं