पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण 23 अप्रैल को है, ऐसे में बीजेपी की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है. बंगाल के आसनसोल क्षेत्र के बाराबनी विधानसभा में बीजेपी ने पूरी ताक झोंक दी. इसी क्रम में बाराबनी में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे. वह बीजेपी उम्मीदवार अरिजित रॉय के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे. योगी आदित्यनाथ अपने विरोधियों पर तीखा हमला के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में उन्होंने यहां प्रचार के दौरान ममता सरकार पर तीखा हमला बोला है. इतना ही नहीं उन्होंने मौलाना के खिलाफ भी बड़ा बयान दिया है.
योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल की सरकार पर तीखा हमला करते हुए, राज्य में “गुंडाराज”, “सिंडिकेट राज” और “तुष्टिकरण की राजनीति” के आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता को डरने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी तरह की धमकियों से घबराने की आवश्यकता नहीं है और बीजेपी सरकार बनने पर कानून व्यवस्था पूरी तरह सुधारी जाएगी.
विकास के पैसे भी जनता तक नहीं पहुंच रहा
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में माफियाओं का बोलबाला है और कोयला माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए विकास के पैसे भी जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंच रहे हैं.
किसानों को नहीं मिल रहा उचित मूल्य
किसानों के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए. योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि बंगाल में किसानों को आलू का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और उन्हें मात्र 1 से 1.50 रुपए प्रति किलो तक की कीमत मिलती है, जबकि उत्तर प्रदेश में यही आलू 15 से 16 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है. उन्होंने इसे किसानों के साथ अन्याय बताया और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर किसानों की स्थिति में सुधार किया जाएगा.
उन्होंने अपने उत्तर प्रदेश के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ साल पहले वहां भी कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन भाजपा की “डबल इंजन” सरकार आने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है. उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश में शांति और सुरक्षा का माहौल है, और इसी मॉडल को पश्चिम बंगाल में भी लागू किया जा सकता है.
अपने भाषण के दौरान योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि उनके कार्यक्रम से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकियां दी गईं और पार्टी के झंडे उखाड़े गए, लेकिन इससे पार्टी का मनोबल नहीं टूटेगा. उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार भाजपा को मौका दें और राज्य में परिवर्तन लाएं.
यह भी पढ़ेंः 177+ सीटों के साथ बीजेपी बंगाल में आ रही है... NDTV के 'वॉक द टॉक' प्रोग्राम में बोले शुभेंदु अधिकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं