- बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने चढ़ावे की धनराशि की गणना विवाद में 6 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है
- सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने सभी कर्मचारियों को तीन दिनों में अपना स्पष्टीकरण पेश करने के निर्देश दिए हैं
- मंदिर समिति ने लोगों से अफवाह न फैलाने और जांच पूरी होने तक प्रतीक्षा करने की अपील की है
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की धनराशि की गणना को लेकर उठे विवाद के बीच बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने निजी सहायक सहित छह कर्मचारियों को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.
जिन कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें प्रमोद नौटियाल (वैयक्तिक सहायक), भूपेंद्र कुमार (सहायक लेखाकार), संदेश मेहता (प्रभारी खजांची), जगमोहन बर्त्वाल (प्रधान सहायक), संतोष तिवारी (प्रधान सहायक) तथा विवेक थपलियाल (प्रशासनिक अधिकारी) शामिल हैं.
नोटिस के अनुसार, प्रमोद नौटियाल से उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है. वहीं भूपेंद्र कुमार, संदेश मेहता, जगमोहन बर्त्वाल और संतोष तिवारी से चढ़ावे की धनराशि की गणना के दौरान निर्धारित ड्यूटी पर उपस्थित न रहने के संबंध में जवाब तलब किया गया है. जबकि प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल से बिना ड्यूटी लगाए धनराशि गणना स्थल पर मौजूद रहने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है.

सीईओ ने सभी संबंधित कर्मचारियों को तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर समिति द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी.
चढ़ावे में गड़बड़ी की जांच के लिए बनाई गई कमेटी
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे में गबन का मामला सामने आने के बाद मंदिर समिति ने अपना पक्ष रखते हुए जांच के आदेश दिए थे. बद्रीनाथ मंदिर समिति के सदस्य हेमंत द्विवेदी ने वायरल हो रही चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की खबरों को लेकर बयान जारी किया था और कहा था कि इस पूरे मामले को मंदिर समिति ने गंभीरता से लिया है.

उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यपूरक जांच के लिए कमेटी गठित की गई है. जिन कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं. जांच पूरी होने के बाद अगर कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
हेमंत द्विवेदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें और जांच पूरी होने का इंतजार करें.
इसे भी पढ़ें: कहते हैं अयोध्या तो बस झांकी है, अभी काशी-मथुरा बाकी है...: राम मंदिर चंदा चोरी पर उद्धव का तंज
इसे भी पढ़ें: बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी के आरोपों पर BKTC का एक्शन, जांच समिति गठित, 3 दिन में आएगा जबाव, काउंटरों पर पहरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं