- शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप पर महाराष्ट्र में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया है
- उद्धव ठाकरे ने राम रक्षा स्तोत्र और हनुमान चालीसा का पाठ कर मंदिर चढ़ावे की चोरी की जवाबदेही मांगी है
- उद्धव ठाकरे ने कहा कि हिंदुत्व का दुरुपयोग कर मंदिरों की लूट करने वालों को हिंदू समाज कभी माफ नहीं करेगा
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा विवाद और आभूषण चोरी के मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र में राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है. इस आंदोलन की शुरुआत मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर से हुई है. पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने इस मौके पर पार्टी नेताओं और शिव सैनिकों के साथ 'राम रक्षा' स्तोत्र, 'हनुमान स्तोत्र' और 'हनुमान चालीसा' का पाठ किया और विरोध प्रदर्शन करते हुए राम मंदिर में दान और चढ़ावे चोरी के लिए जवाबदेही की मांग की.
शिवसेना (उबाठा) प्रमुख ने कहा कि हम निडर, मासूम और देश से प्यार करने वाले हिंदू हैं, यदि कोई हिंदुत्व का दुरूपयोग कर किसी मंदिर को लूटता है तो हिंदू उसे नहीं बख्शेंगे. दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग हिंदुओं को लूट रहे हैं, वे ही सत्ता में हैं. उन्होंने कहा कि वे लोग कहते हैं कि ‘‘अयोध्या तो बस एक झांकी थी, अभी काशी और मथुरा बाकी है'', ऐसे में मुझे वहां होने वाली लूट की चिंता है.

उद्धव ने कहा कि 12 साल से ज़्यादा हो गए हैं, जिनके लिए हमने काम किया, वे प्रधानमंत्री बने. लेकिन बाद में, अफ़ज़ल खान की तरह, उन्होंने कट्टर हिंदू शिवसेना को खत्म करना शुरू कर दिया. वे हिंदुत्व का फायदा उठाना चाहते थे. शिवसेना ही एकमात्र ऐसी पार्टी थी, जिसने उनसे सवाल किया. अगर अयोध्या के साथ ऐसा हुआ है, तो काशी का क्या हाल करेंगे? जो लोग हिंदुओं के नाम पर चुनाव जीते, वही मंदिरों को लूट रहे हैं.

शिवसेना (उबाठा) प्रमुख ने कहा कि पहले गुरुओं ने सोने की चोरी की बात कही थी. एमपी के सीएम ने जमीन हड़पी है. बद्रीनाथ में भी चोरी हुई है. शिवसेना ने भी उन्हें एक करोड़ रुपये और एक ईंट दी थी, वह कहां है? ये लोग उन मासूम हिंदुओं को लूट रहे हैं, जो अपने भगवान को पैसे चढ़ाते हैं, उन्हें हिंदू होने पर शर्म आनी चाहिए.
उद्धव ने कहा कि उन्होंने कहा कि मैंने हिंदुत्व छोड़ दिया है, मैं तो यहीं हूं, तुम कहां हो? मैं सभी से अपील करता हूं कि जहां भी संभव हो, ये आरतियां गाएं. आइए इन चोरों को 'तड़ीपार' करें. अब हिंदू माफ नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि सतर्क रहें और तब तक आराम न करें जब तक हमें यह पता न चल जाए कि इस चोरी के लिए कौन ज़िम्मेदार था.
इसे भी पढ़ें: 'चोरी की घटना से आहत, दुखी और लज्जित हूं...', राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने दी सफाई
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: पहले बयानों की जंग, अब एक्शन में विपक्ष; अखिलेश-उद्धव के नए फैसलों से गरमाई सियासत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं