विज्ञापन
This Article is From Jul 12, 2020

Coronavirus पर बोले गृह मंत्री अमित शाह- सभी सोच रहे थे कि भारत जैसा देश...

अमित शाह ने कार्यक्रम में कहा, 'भारत एक घनी आबादी वाला देश है. हर कोई सोच रहा था कि भारत जैसा देश कोरोनावायरस से कैसे लड़ेगा.'

Coronavirus पर बोले गृह मंत्री अमित शाह- सभी सोच रहे थे कि भारत जैसा देश...
अमित शाह ने कार्यक्रम में पौधारोपण किया. (फाइल फोटो)
  • केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल का था कार्यक्रम
  • अमित शाह ने कार्यक्रम में किया पौधारोपण
  • कोरोनावायरस पर गृह मंत्री ने कही यह बात
गुरुग्राम:

हरियाणा के गुरुग्राम जिले के खादरपुर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल द्वारा आज (रविवार) 'अखिल भारतीय पौधारोपण' अभियान आयोजित किया गया था. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कार्यक्रम में शिरकत की. गृह मंत्री आयोजन स्थल पर पहुंचे और पौधारोपण किया. कार्यक्रम को लेकर अमित शाह ने ट्वीट किया, 'मैं हमारे सशस्त्र बलों के वीर जवानों का अभिनंदन करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं, जो देश की रक्षा के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करने वाले इस विशाल अभियान के माध्यम से देशभर में 1 करोड़ से अधिक लंबी आयु वाले वृक्षों के पौधे लगा रहे हैं.'

अमित शाह ने कार्यक्रम में कहा, 'भारत एक घनी आबादी वाला देश है. हर कोई सोच रहा था कि भारत जैसा देश कोरोनावायरस (Coronavirus) से कैसे लड़ेगा. शंकाएं जताई जा रही थीं लेकिन आज पूरी दुनिया इस बात की गवाह है कि भारत ने कैसे कोरोना के खिलाफ एक सफल लड़ाई लड़ी है.' गृह मंत्री ने आगे कहा, 'कोरोना से लड़ाई में हमारी सुरक्षा फोर्स ने भी अहम रोल निभाया है, इससे कोई इंकार नहीं कर सकता. आज मैं इन कोरोना वॉरियर्स को सलाम करता हूं. इन लोगों ने साबित कर दिया है कि वो लोगों की मदद के लिए आतंक से ही नहीं बल्कि कोरोना से भी लड़ना जानते हैं.'

बता दें कि उत्तर प्रदेश में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं. बीते हफ्ते अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) से अपने राज्य में की जा रहीं कोरोना जांचों की संख्या और उसपर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा था. योगी आदित्यनाथ को यह निर्देश तब मिला, जब अमित शाह दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे.

गौरतलब है कि तीन राज्यों में से UP सबसे कम परीक्षण कर रहा है. बैठक में इस बात पर चर्चा की गई कि प्रति दस लाख गौतम बुद्ध नगर केवल 72 और गाजियाबाद सिर्फ 78 लोगों की जांच क्यों कर रहा है. इस पर सीएम योगी ने गृह मंत्री को आश्वासन दिया कि पहले से ही उन्होंने उच्च जोखिम वाले श्रमिकों के परीक्षण के निर्देश दिए हैं, जिसमें कई जिलों में रिक्शा चालक और सब्जी विक्रेता शामिल हैं. उत्तर प्रदेश में 6.88 लाख लोग क्वारंटाइन में हैं.

VIDEO: दिल्ली में कोरोना से निपटने के लिए हर घर की स्क्रीनिंग शुरू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, India Coronavirus, Coronavirus, COVID 19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com