विज्ञापन

अमित शाह के जन्मदिन पर पीएम मोदी की खास बधाई; देश की सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बताया, मंत्रियों ने ऐसे की सराहना

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की.

अमित शाह के जन्मदिन पर पीएम मोदी की खास बधाई; देश की सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बताया, मंत्रियों ने ऐसे की सराहना
पीएम मोदी ने अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी
फाइल फोटो
  • गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई, पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां
  • अमित शाह के लिए मोदी, राजनाथ, नड्डा और गडकरी के खास संदेश
  • आंतरिक सुरक्षा से सहकारिता तक, अमित शाह के कामों की हुई सराहना
नई दिल्ली:

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर अमित शाह की प्रशासनिक क्षमता और देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में निभाई गई भूमिका की सराहना की. वहीं केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने भी उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, सहकारिता क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में उनके योगदान को उल्लेखनीय बताया. सोशल मीडिया पर दिनभर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा.

प्रधानमंत्री मोदी ने की उपलब्धियों की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि अमित शाह की प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया है. प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से माओवाद के खतरे को समाप्त करने के प्रयासों और नशामुक्त समाज के लक्ष्य की दिशा में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने उनके स्वस्थ, दीर्घ और सक्रिय जीवन की कामना भी की.

पीएम मोदी का बधाई संदेश

पीएम मोदी का बधाई संदेश
Photo Credit: पीएम मोदी की पोस्ट

राजनाथ सिंह ने बताया कर्मठ नेता

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमित शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भारत की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने में पूरी लगन और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं. उन्होंने ईश्वर से अमित शाह के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करते हुए राष्ट्र सेवा में उनकी निरंतर सक्रियता की कामना की.

राजनाथ सिंह ऐसे दी शुभकामना

राजनाथ सिंह ऐसे दी शुभकामना
Photo Credit: राजनाथ सिंह की पोस्ट

नितिन गडकरी ने दी मंगलकामनाएं

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उनके बेहतर स्वास्थ्य, लंबी आयु और मंगलमय जीवन की कामना की.

जेपी नड्‌डा का संदेश

जेपी नड्‌डा का संदेश
Photo Credit: जेपी नड्‌डा की सोशल मीडिया पोस्ट

जेपी नड्डा ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी अमित शाह के कार्यों की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नक्सल मुक्त भारत' का संकल्प साकार होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा और मजबूत हुई है. उन्होंने वर्ष 2029 तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान' के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए इसे युवा पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया.

'नए भारत के लौह पुरुष'

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अमित शाह को “नए भारत का लौह पुरुष” बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, ऊर्जा और दीर्घायु की कामना की.

गजेंद्र सिंह शेखावत का बधाई संदेश

गजेंद्र सिंह शेखावत का बधाई संदेश
Photo Credit: गजेंद्र सिंह शेखावत की पोस्ट का स्क्रीनशॉट

शिवराज सिंह चौहान ने कहा- दृढ़ संकल्प वाले नेता

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमित शाह को जनप्रिय नेता, कुशल संगठनकर्ता और श्रेष्ठ रणनीतिकार बताते हुए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि अमित शाह अपने दृढ़ संकल्प के बल पर देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने में लगातार कार्य कर रहे हैं.

जयशंकर और अन्य मंत्रियों ने भी दी बधाई

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमित शाह की राष्ट्र सुरक्षा और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की. केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें लोकप्रिय जननेता और कुशल संगठनकर्ता बताते हुए सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण के लिए उनके प्रयासों को अनुकरणीय बताया. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अमित शाह की प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है.

वहीं केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, जी किशन रेड्डी और राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उन्हें बधाई दी और राष्ट्रसेवा में उनके योगदान की सराहना की.

यह भी पढ़ें : अमित शाह: संघ से संगठन तक, BJP की जीत के रणनीतिकार की पूरी कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah Birthday, Amit Shah Birthday Wishes, PM Modi, Rajnath Singh, Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com