भोपाल से दिल्ली से जा रहे एयर इंडिया की फ्लाइट में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान में कुछ दिक्कत के चलते अचानक से बीच रास्ते से डायवर्ट कर जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराना पड़ा. जानकारी के अनुसार, दिल्ली जा रहे विमान में हवा में ही अचानक से कुछ दिक्कत आने के बाद तुरंत जयपुर डायवर्ट किया गया. जहां पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. शुरुआती जांच में विमान के इंजन में खराबी की बात सामने आई है. विमान की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी.
इंजन में खराबी की बात आई सामने
एयर इंडिया ने बताया कि एयर इंडिया की फ़्लाइट AI1886 को तकनीकी खराबी के कारण जयपुर डायवर्ट किया गया. विमान 13 सितंबर को भोपाल से दिल्ली जा रहा था. बीच रास्ते में तकनीकी खराबी के कारण विमान को सुरक्षित रूप से जयपुर में लैंड कराया गया. प्रारंभिक जानकारी में इंजन में खराबी की बात सामने आ रही है.
एयर इंडिया ने व्यक्त किया खेद
एएनआई न्यूज एजेंसी के अनुसार, एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुसार विमान की जांच की जा रही है. एयरलाइन ने विमान के डायवर्ट होने पर यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद व्यक्त किया और कहा कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं.
एयर इंडिया ने कहा कि एयर इंडिया इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करती है. यात्रियों को जल्द से जल्द उनकी मंज़िल तक पहुंचाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. जयपुर में हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता और सहयोग प्रदान कर रही है.
लंदन की फ्लाइट को ज़्यूरिख़ में उतारा
इससे पहले बुधवार को मुंबई से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ़्लाइट AI 131 को लंदन हीथ्रो हवाई अड्डे पर एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल से जुड़ी समस्या के कारण डायवर्ट कर ज़्यूरिख़ में उतारा गया था. 290 से अधिक यात्रियों को ले जा रही यह फ़्लाइट हीथ्रो में परिचालन प्रभावित होने के बाद ज़्यूरिख़ हवाई अड्डे पर उतरी.
शुरू में, यात्री ज़्यूरिख़ में विमान के अंदर ही रहे और उन्हें इंतज़ार करने के लिए कहा गया, क्योंकि लंदन हीथ्रो में स्थिति के समाधान की उम्मीद थी. हालांकि, बाद में फ़्लाइट रद्द कर दी गई और सभी यात्री ज़्यूरिख़ हवाई अड्डे पर उतर गए.
यह भी पढे़ं- सऊदी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग, मिली थी बम की धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं