विज्ञापन

'पापा ने डंडे से मारा था, मम्मी सो रही हैं...', मां की लाश के पास बैठी रही 5 साल की बच्ची

वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर में पति सुजीत पासवान ने 22 वर्षीय पत्नी आशा देवी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला.

'पापा ने डंडे से मारा था, मम्मी सो रही हैं...', मां की लाश के पास बैठी रही 5 साल की बच्ची
मृतका आशा देवी.
NDTV
वैशाली:

'मम्मी सो रही हैं...' ये शब्द 5 साल की उस मासूम के हैं, जिसके सौतेले पिता ने ही उसकी मां की हत्या कर दी. 5 साल की बेटी इस उम्मीद में अपनी मां की लाश के बगल में बैठी थी कि शायद कुछ देर में उसकी मां की नींद पूरी हो जाएगी और वह उठ जाएगी. लेकिन उसे ये नहीं पता कि उसकी मम्मी नहीं उठेंगी.

दिल को झकझोर देने वाला यह मामला बिहार के वैशाली जिले से आया है, जहां एक पिता ने ही अपनी बेटी से उसकी मां का प्यार छीन लिया.

मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर वार्ड-6 का है, जहां एक पति ने अपनी 22 साल की पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला. हत्या के बाद पूरा परिवार घर छोड़कर फरार हो गया. घर में सिर्फ 5 साल की मासूम बेटी अकेली बैठी मिली, जो अपनी मां की लाश के पास खेल रही थी.

मृतका की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है. उसका मायका राघोपुर के जुरावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर वार्ड-12 में है. ढाई साल पहले उसकी शादी मथुरापुर निवासी सुजीत पासवान से हुई थी.

दोनों की थी दूसरी शादी, बच्चों को लेकर होता था विवाद

परिजनों के मुताबिक, यह दोनों की दूसरी शादी थी. सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं. आशा के पहले पति की भी बीमारी से मौत हुई थी, जिससे उसकी 5 साल की बेटी अंशिका है.

आशा के पिता गणेश पासवान ने बताया कि शादी के समय ही दोनों पक्षों को पहली शादी और बच्चों के बारे में बता दिया गया था. बच्चों को लेकर ही अक्सर विवाद होता था. आरोप है कि इसी विवाद में रात में हत्या कर दी गई.

यह भी पढ़ेंः सिस्टम ही बीमार है! सरकारी अस्पताल में नहीं मिला स्ट्रेचर... पीठ पर लादकर दिव्यांग भाई को वार्ड तक ले गई बहन

रात 9 बजे कहा था- ले चलो नहीं तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे

मृतका की मां ने बताया, 'शादी के 6 महीने तक सब ठीक था, फिर दामाद का व्यवहार बदल गया. वह पुराने ससुराल से संबंध रखने लगा और बेटी को मारने-पीटने लगा. 5 दिन से खाना भी नहीं दिया था.'

उन्होंने कहा कि 'कल रात 9 बजे आशा ने फोन कर रोते हुए कहा था- हमें ले चलो, नहीं तो ये लोग जिंदा नहीं छोड़ेंगे. हमने कहा सुबह आते हैं. सुबह गांव के एक आदमी ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी को मार दिया गया है.'

मासूम की जुबानी- कोई बचाने नहीं आया

सबसे मार्मिक था 5 साल की अंशिका का बयान. उसने बताया कि रात में खाना खाने के बाद पापा ने मां को डंडे से मारा. उस वक्त दादी मठ पर गई थी और दादा घर पर नहीं थे. घर में कोई बचाने वाला नहीं था. मारने के बाद सब भाग गए.

सूचना मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. FSL टीम को बुलाया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

ये वीडियो भी देखें- पत्नी का सिर काटकर Fridge में रखा, फिर खाना खाया! पति पर संगीन आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaishali News, Bihar News, Husband Kill Wife, Bihar Crime   News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com