विज्ञापन

एक-दूसरे की बाहों में मिले पति-पत्नी के शव, बच्चे की ख्वाहिश लेकर आए थे दिल्ली, होटल की आग में जिंदा जल गए

मालवीय नगर के होटल में लगी आग के बाद वहां मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए किस हद मशक्कत की, उसका अंदाजा के शवों को देखकर पता चलता है. इस भीषण हादसे में राहत बचाव अभियान चलाने वाले लोगों ने उस भयावह मंजर के बारे में बताया है. यहां बाथरूम में एक कपल का शव मिला, जो एक-दूसरे को कसकर पकड़े हुए था.

एक-दूसरे की बाहों में मिले पति-पत्नी के शव, बच्चे की ख्वाहिश लेकर आए थे दिल्ली, होटल की आग में जिंदा जल गए
दिल्ली के होटल में लगी आगे के बाद राहत-बचाव अभियान चलाने वाले लोगों ने अंदर के मंजर के बारे में बताया है.
  • दिल्ली के होटल में लगी आग में 12 विदेशी नागरिकों सहित कुल 21 लोगों की मौत हुई.
  • इस हादसे में फंसे लोग अंतिम समय तक जान बचाने की जद्दोजहद करते रहे.
  • राहत-बचाव अभियान चलाने वाले लोगों ने अंदर के मंजर को देखकर उनकी संभावित स्थिति के बारे में बताया है.
नई दिल्ली:

दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित होटल में लगी आग में जिन 21 लोगों की मौत हुई, अब उनकी एक-एक कर कहानियां सामने आ रही हैं. जान गंवाने वाले लोगों की ये कहानियां और उनके अंतिम क्षणों का जीवन संघर्ष रोंगटे खड़े करने वाला है. गुरुग्राम के अग्रवाल परिवार के 8 लोगों की मौत, पहली नौकरी का ज्वाईनिंग प्रोसेस पूरा करने आई बोकारो की श्रुतिका बरनवाल की मौत की खबर के बाद अब अफ्रीकी मूल के कपल की मौत की दर्दनाक कहानी सामने आई है. अफ्रीकी मूल का यह जोड़ा बच्चे की ख्वाहिश लिए भारत आया है. उनकी पत्नी का IVF का ट्रीटमेंट चल रहा था. लेकिन दिल्ली के होटल में लगी आग में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई.   

बचाव अभियान में जुटे लोगों की जेहन से निकल नहीं रहा भयावह मंजर

फ्लोरिश इन नामक होटल में लगी भीषण आग के बाद वहां का भयावह मंजर बचाव अभियान में जुटे लोगों के जेहन से नहीं निकल पा रहा है. कमरे और सीढ़ियों पर बिखरे पड़े झुलसे हुए शव, साथ जीने साथ मरने की कसमे निभाते हुए बाथरूम में मिला अफ्रीकी कपल का शव और ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों की मदद की गुहार जैसे दृश्य अब भी उन्हें परेशान कर रही है.

मैक्स हॉस्पिटल के ड्यूटी इंचाई वसीम राजा ने बताया

हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी' होटल में आग लगने की सूचना मिलने पर सबसे पहले पहुंचने वालों में शामिल वसीम राजा ने बताया कि घटना के बाद रातभर उन्हें नींद नहीं आई. उनके अनुसार, झुलसे हुए शवों, लोगों की चीख-पुकार और दंपति के अंतिम क्षणों की हृदय विदारक तस्वीरें लगातार उनके जेहन में घूमती रहीं.

Latest and Breaking News on NDTV

हर तरफ शव पड़े थे, रिसेप्शन चेयर पर भी शव

मैक्स अस्पताल के सुरक्षा विभाग में ड्यूटी इंचार्ज वसीम राजा ने बताया, ‘‘मैंने जो कुछ देखा, उसे याद कर आज भी मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं. यह बेहद भयावह और विचलित करने वाला दृश्य था. हर तरफ शव पड़े थे. रिसेप्शन के पास कुर्सी पर एक शव था, सीढ़ियों पर दूसरा शव पड़ा था, जबकि ऊपरी मंजिलों से मदद की गुहार सुनाई दे रही थी.''

सबसे मार्मिक दृश्य- बाथरूम में पति-पत्नी के शव 

राजा के अनुसार सबसे मार्मिक दृश्य उन्हें एक बंद शौचालय का दरवाजा खोलने के बाद देखने को मिला. उन्होंने बताया, 'किसी तरह हमने दरवाजा खोला और जो देखा, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. अपने जीवन में मैंने कई शव देखे हैं, लेकिन ऐसा दृश्य कभी नहीं देखा.'

एक-दूसरे को कसकर पकड़े मिले कपल के शव

राजा के मुताबिक, बाथरूम में एक महिला जिसके सिर पर हाल में हुए किसी चिकित्सकीय सर्जरी का निशान दिखाई दे रहा था, बैठी हुई थी, जबकि उसका पति बगल में रखी कुर्सी पर बैठा था. दोनों एक-दूसरे को कसकर पकड़े हुए थे और महिला का सिर पति के कंधे पर टिका हुआ था. उन्होंने कहा, ‘‘वे दोनों एक-दूसरे की बाहों में थे. मैंने जो प्रेम वहां देखा, उसके सामने ताजमहल भी फीका पड़ जाए.''

Latest and Breaking News on NDTV

12 विदेशी नागरिकों की हुई थी मौत

अधिकारियों के अनुसार, यह दंपति उन विदेशी नागरिकों में शामिल रहा होगा जिनकी इस हादसे में मौत हुई. आग में 12 विदेशी नागरिकों की जान जाने की पुष्टि हुई है. हादसे में कुल 21 लोगों की मौत हुई है. राजा ने बताया कि कई शव ऐसी जगहों पर मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग बचने के लिए आखिरी क्षण तक संघर्ष करते रहे. कुछ शव बिस्तरों के नीचे मिले, जबकि कुछ शौचालयों और सीढ़ियों के पास पाए गए. माना जा रहा है कि जान बचा कर निकलने की कोशिश के दौरान उनकी मौत हुई.

एक शव बैग पकड़े हुए मिला

मृतकों में एक व्यक्ति ऐसा भी था, जो बैग पकड़े हुए मिला. माना जा रहा है कि धुएं का गुबार छाने पर उसने अपने बैग के साथ जान बचा कर निकलने की नाकाम कोशिश की. अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के सटीक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें - मालवीय नगर अग्निकांड ग्राउंड रिपोर्ट: जब सेकंड फ्लोर तक काबू में थी आग, फिर मौत का तांडव कैसे हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Malviya Nagar Hotel Fire, Malviya Nagar Hotel Fire News, Delhi Hotel Fire, Delhi Hotel Fire 21 Deaths, Flourish Inn Hotel Fire Hauz Rani
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com