76th Independence Day Celebration Live: भारत आज अपना 76 वां स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) मना रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज लगातार नौवीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया है. वहीं राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब हम अपनी धरती से जुड़ेंगे तभी तो ऊंचा उड़ेंगे. पीएम ने आगे कहा कि देश कृतज्ञ है मंगल पांडे, तात्या टोपे, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, चंद्रशेखर आज़ाद, असफाक उल्ला खां, राम प्रसाद बिस्मिल ऐसे अनगिनत ऐसे हमारे क्रांति वीरों ने अंग्रेजों की हुकूमत की नींव हिला दी थी.
बता दें कि सरकार ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा' समेत कई कार्यक्रम शुरू किए हैं. स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर लालकिले के प्रवेश द्वार पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाए जाने के अलावा चेहरे की पहचान प्रणाली (एफआरएस) वाले कैमरे लगाए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लगभग सात हज़ार मेहमान शिरकत करेंगे. आज स्मारक के आसपास 10,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है.दिल्ली पुलिस ने ड्रोन व यूएवी आदि से किसी संभावित खतरे का मुकाबला करने के लिए लाल किला क्षेत्र में छतों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर 400 से अधिक पतंग या ''उड़ने वाली किसी भी वस्तु को पकड़ने वाले'' लोगों को तैनात किया है.