विज्ञापन

दिल्ली को 33000 करोड़ की सौगात, PM मोदी करेंगे 2 नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन, बदल जाएगी रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे. इसमें पिंक और मजेंटा लाइन के दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन शामिल है.

दिल्ली को 33000 करोड़ की सौगात, PM मोदी करेंगे 2 नई मेट्रो लाइनों का उद्घाटन, बदल जाएगी रफ्तार
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे
  • दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर और दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक ऑपरेशनल होंगे
  • नए मेट्रो कॉरिडोर से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, भजनपुरा, यमुना विहार और अन्य इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के विस्तार और सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाओं का तोहफा दिल्लीवासियों को देंगे. दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ राजधानी की रफ्तार और तेज हो जाएगी.

मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार, 2 नए कॉरिडोर शुरू

दिल्ली मेट्रो के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 18,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर मुहर लगेगी. रविवार से दिल्लीवासियों के लिए मेट्रो के दो नए कॉरिडोर ऑपरेशनल हो जाएंगे.

  • पिंक लाइन: मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (12.3 किमी)
  • मजेंटा लाइन: दीपाली चौक से मजलिस पार्क (9.9 किमी)

इन इलाके के लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

इन नए कॉरिडोर के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों के निवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

इसके अलावा प्रधानमंत्री फेज 5-A के तहत 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे. ये प्रस्तावित कॉरिडोर नोएडा, दक्षिण दिल्ली और हवाई अड्डे के बीच यात्रा को बेहद सुगम बनाएंगे.

  • आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ
  • एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1
  • तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज

सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगे 9 हजार आधुनिक फ्लैट

पीएमओ के अनुसार, सरकार की महत्वाकांक्षी GPRA पुनर्विकास योजना के अंतर्गत 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की जाएंगी. प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर में जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टर का दौरा करेंगे और वहां महिला आवंटियों को उनके नए घर की चाबियां सौंपेंगे. सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में कुल 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट और लगभग 48 लाख वर्ग फुट का नया कार्यालय स्थान तैयार किया जाएगा.

इन परियोजनाओं की खास बात इनका वित्तीय मॉडल है. सरकारी खजाने पर बोझ डाले बिना, परियोजना क्षेत्र के एक छोटे हिस्से को व्यावसायिक रूप से विकसित कर प्राप्त राजस्व से ही पूरे बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जा रहा है .

पीएम विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित

उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे. ये परियोजनाएं न केवल दिल्ली के आवागमन को सुधारेगी, बल्कि सरकारी कर्मचारियों के लिए विश्व स्तरीय आवासीय सुविधाएं और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए आधुनिक कार्यालय स्थान भी प्रदान करेंगी.

यह भी पढ़ें: मजलिस पार्क, बुराड़ी से मौजपुर तक मेट्रो रूट तैयार, 8 मार्च को उद्घाटन, ये हैं दिल्ली मेट्रो के 17 नए स्टेशन

लेखक के बारे में
img
अखिलेश शर्मा
Executive Editor, NDTV India
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro, Delhi Metro Phase-III, PM Modi, DMRC, Delhi Metro Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com