हिमंता बिस्वा सरमा ने आज दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. गुवाहाटी में आयोजित हिमंता के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के सीएम-डिप्टी सीएम मौजूद थे. नेताओं के साथ-साथ कई उद्योगपति, धर्म गुरु के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रों के कई गणमान्य मौजूद रहे. हिमंता के शपथ ग्रहण के साथ हाल के दिनों में देश 4 शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बना. असम में आज हिमंता के शपथ ग्रहण से पहले, तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय का शपथ ग्रहण, उससे पहले बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण और उससे पहले बिहार की राजधानी पटना में सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हुआ.
7 मई को बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रियों का शपथ ग्रहण हुआ
गुरुवार 7 मई को बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली पहली सरकार का बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार हुआ और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार तथा 31 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे. शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया गया था.

9 मई बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार का शपथ ग्रहण
9 मई को बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार का शपथ ग्रहण हुआ. शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेताओं की मौजूदगी में बांग्ला भाषा में शपथ ली. उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली. चार मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की.

10 मई तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय का शपथ ग्रहण
10 मई को तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. चेन्नई के एक इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए. 4 मई को सामने आए चुनावी नतीजों में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. लेकिन बहुमत के आंकड़े से दूर थी. इसके बाद कांग्रेस, सीपीएम सहित अन्य राजनीतिक दलों के समर्थन से टीवीके प्रमुख विजय ने बहुमत का आंकड़ा जुटाया.

12 मई असम में हिमंता बिस्वा सरमा का शपथ ग्रहण
आज असम की राजधानी गुवाहाटी में हिमंता बिस्वा सरमा का शपथ ग्रहण हुआ. उनके साथ चार विधायकों ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली जिनमें भाजपा के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो शामिल हैं. राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में वेटरनरी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शर्मा और चारों विधायकों को पद की शपथ दिलाई.
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सर्वानंद सोनोवाल, पबित्रा मारगेरिटा, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद थे.

4 राज्यों के इन शपथ ग्रहण से 5 बड़े संदेश
1. बिहारः CM के शपथ की कसर मंत्रियों के शपथ में निकली
बिहार में BJP के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को शपथ ले ली थी. उनके साथ जदयू के दो वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी. लेकिन तब सम्राट के शपथ ग्रहण समारोह में कोई खास समारोह नहीं हुआ था. तब बंगाल, तमिलनाडु जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव का प्रचार चल रहा था. चुनाव के बाद एनडीए ने बिहार कैबिनेट विस्तार के शपथ ग्रहण को भव्य बनाया. पीएम मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री पहुंचे. बिहार में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता भी पहुंचे. एकजुटता का संदेश दिया गया.
2. बंगालः बीजेपी की पहली सरकार का भव्य शपथ ग्रहण
बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी. इस जीत ने जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि पर बीजेपी को सत्ता दिलाई. बंगाल में बीजेपी को मिली स्पष्ट बहुमत की यह जीत बहुत बड़ी बात मानी जाती है. इसका असर शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में भी दिखा. ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में पूरे देश से बीजेपी के सभी बड़े नेता मौजूद रहे.
3. मंच पर माखन लाल को नमन कर पीएम ने साफ दिया संदेश
बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समरोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार का अभिनंदन किया, उनका पैर छूकर प्रणाम किया. पीएम मोदी ने माखनलाल को मंच पर नमन कर साफ संदेश दिया कि जिन लोगों ने हमारी विचारधारा की नींव रखी, हम उन्हें नहीं भूल रहे. मालूम हो कि माखनलाल सरकार को 1952 में कश्मीर में तब गिरफ्तार किया गया था जब वे वहां भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ थे. 98 साल के माखनलाल सरकार बंगाल में राष्ट्रवादी विचारधारा को बढ़ाने वाले सबसे वरिष्ठ नेता है.
यह भी पढ़ें - शुभेंदु की शपथ में जिस बुजुर्ग के पीएम मोदी ने पैर छुए, वो कौन हैं? जानिए माखनलाल सरकार के बारे में
4. नई सोच वाली सरकार तमिलनाडु में विजय के शपथ ग्रहण से निकले संदेश
तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने टीवीके प्रमुख विजय के शपथ ग्रहण समारोह में खूब सीटियां बजी. नेता विपक्ष के साथ उनका रील सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त वायरल हुआ. शपथ ग्रहण में भी विजय भाषण देने लगे, जिसके लिए राज्यपाल ने उन्हें टोका भी. लेकिन शपथ ग्रहण के तुरंत बाद विजय ने मंच से ही तीन बड़े ऐलान करते हुए यह साफ कर दिया कि यह नई सोच वाली सरकार है. जो लीक से हटकर काम करेगी.
5. असम में हिमंता इज बैक, यहां भी भव्य शपथ ग्रहण
आज असम हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. असम में हिमंता का शपथ ग्रहण भी बेहद भव्य रहा. बीजेपी ने यह साफ संदेश दिया कि प्रदेश छोटा या बड़ा, हमारी जीत संभावित हो या कड़ी टक्कर से मिली जीत हो, हम हर जीत का भव्य जश्न मनाएंगे. असम में हिमंता के शपथ ग्रहण समारोह में सभी बड़े केंद्रीय नेता, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें - विजय की शपथ के दौरान वंदेमातरम पर क्यों छिड़ा 'महाभारत', जान लीजिए सबकुछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं