- बाल विवाह के खिलाफ शुरू हुआ अभियान अब विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है.
- CM हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बाल विवाह रोकने के लिए व्यापक कानूनी और शैक्षिक पहल की गई.
- असम सरकार ने बाल विवाह को रोकने के लिए छात्रवृत्ति योजना और आर्थिक सहायता प्रदान करने की व्यवस्था की.
ग्रामीण भारत से शुरू हुई एक सामाजिक मुहिम आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है. बाल विवाह जैसी कुरीति को खत्म करने के लिए भारत में शुरू किया गया अभियान अब दुनिया भर में पहचान बना चुका है. संयुक्त राष्ट्र ने भारत के प्रयासों को मान्यता देते हुए 27 नवंबर को 'बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस' घोषित किया है.
असम में बाल विवाह रोकने के लिए व्यापक अभियान
बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन' और एनडीटीवी ने मिलकर 'चाइल्ड मैरिज फ्री इंडिया' अभियान की शुरुआत की थी. इस पहल का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जनजागरण फैलाना और समाज को इसके उन्मूलन के लिए एकजुट करना था. समय के साथ यह अभियान देश के गांवों, कस्बों और शहरों तक पहुंचा तथा लाखों लोगों को इससे जोड़ा गया. इस मुहिम का सबसे प्रभावशाली असर असम में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बाल विवाह रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया. सरकार ने कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता और शिक्षा पर भी जोर दिया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और राज्य में बाल विवाह के मामलों में कमी दर्ज की गई.
NDTV के क्रार्यक्रम में असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "जब मैंने 2021 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी, तब अपने पहले स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में ही घोषणा की थी कि असम में बाल विवाह को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे. इस फैसले की मुख्य वजह एनएफएचएस-5 (राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण) की रिपोर्ट थी. रिपोर्ट में सामने आया था कि असम में बाल विवाह और किशोरावस्था में गर्भधारण (टीनएज प्रेग्नेंसी) के मामले बेहद अधिक हैं. कुछ जिलों में टीनएज प्रेग्नेंसी की दर 60 प्रतिशत से भी ज्यादा थी. इसके बाद हमने बाल विवाह के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्णय लिया. इसके बाद भी हर साल हजारों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. कई मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हुए और अदालतों ने दोषियों को सजा भी सुनाई है. यह हमारी रणनीति का एक हिस्सा था. दूसरा बड़ा कदम लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देना था. हमने यह सुनिश्चित किया कि बेटियों की पढ़ाई आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो. इसके लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई. यदि लड़की की शादी हो जाती है तो छात्रवृत्ति बंद हो जाती है, लेकिन अविवाहित रहकर पढ़ाई जारी रखने पर उसे हर महीने 2,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है. इसके अलावा, छात्राओं के लिए मुफ्त प्रवेश, परीक्षा शुल्क में छूट और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई. हमारा उद्देश्य यह था कि बेटियों की शिक्षा पूरी तरह माता-पिता की आर्थिक स्थिति पर निर्भर न रहे.
CM ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इन प्रयासों का सकारात्मक असर दिखाई दिया है. एनएफएचएस-6 और राज्य सरकार के अन्य आकलनों में यह सामने आया है कि असम में बाल विवाह के मामलों में कमी आई है. हालांकि यह समस्या अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. इसी कारण पिछले महीने भी बाल विवाह से जुड़े मामलों में लगभग 3 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया. बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई असम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. हम इस कुप्रथा को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे. हमारा लक्ष्य केवल बाल विवाह रोकना ही नहीं, बल्कि किशोरावस्था में गर्भधारण की समस्या को भी समाप्त करना है."
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को बाल विवाह को खत्म करने के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने बताया कि 2021 से इस सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ राज्य में चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत 6,705 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है. 'बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस' के पहले आयोजन के अवसर पर सीएम सरमा ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि असम ने बाल विवाह के खिलाफ एक निरंतर अभियान चलाया है, जिसके तहत हजारों गिरफ्तारियां की गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा, "असम के लिए, यह दिन विशेष महत्व रखता है. 2021 से, हमने बाल विवाह के खिलाफ एक निरंतर लड़ाई छेड़ी है. अब तक 6,000 से अधिक गिरफ्तारियां की गई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, जो आज भी जारी है."
साल-दर-साल हुई गिरफ्तारियों का विवरण देने वाला एक इन्फोग्राफिक साझा करते हुए, सरमा ने पिछले छह वर्षों में अपनी सरकार द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के पैमाने को उजागर किया. साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 2021 में 132 गिरफ्तारियां हुईं, 2022 में 278 गिरफ्तारियां हुईं, और 2023 में यह आंकड़ा तेजी से बढ़कर 4,853 हो गया. राज्य में 2024 में 623 और 2025 में 173 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं.
चालू वर्ष में, अक्टूबर तक अधिकारियों ने 646 गिरफ्तारियां की, जिससे इन्फोग्राफिक में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 6,705 हो गई. सरमा ने कहा कि सरकार का संकल्प अडिग है और उन्होंने जोर देकर कहा कि लड़कियों की गरिमा, अधिकारों और भविष्य की रक्षा की जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें : भारत के गांवों से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ NDTV और 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन' की मुहिम ऐसे पहुंची UN तक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं