विज्ञापन

संसद के विशेष सत्र में अपनी मर्जी से वोट दे सकते हैं टीएमसी के 20 बागी सांसद- सूत्र

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इन सभी सांसदों के खिलाफ अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं. उन्होंने मांग की है कि दल बदलने के कारण इन सांसदों की सदस्यता खत्म की जाए.

संसद के विशेष सत्र में अपनी मर्जी से वोट दे सकते हैं टीएमसी के 20 बागी सांसद- सूत्र
संसद के विशेष सत्र में इस बार सभी की नजर TMC के बागी सांसदों पर रहेगी.
  • लोकसभा सचिवालय के अनुसार सदस्यता खत्म न होने तक ये सांसद संसद में वोटिंग और कार्यवाही में भाग ले सकते हैं
  • जून में टीएमसी छोड़कर ये सांसद एनसीपीआई में शामिल होकर एनडीए को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं
  • टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सदस्यता रद्द करने की मांग करते हुए सांसदों के खिलाफ याचिकाएं दायर की हैं

सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले टीएमसी के 20 बागी सांसदों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. इन सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग काफी समय से लंबित है, लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं आया है. ऐसे में यह सवाल चर्चा में है कि क्या ये सांसद सदन में वोट डाल पाएंगे. खास बात यह है कि संसद में संख्या बल के लिहाज से इन सांसदों की भूमिका अहम मानी जा रही है.

टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इन सांसदों को अयोग्य ठहराने की याचिका दिए छह महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक फैसला नहीं हुआ. उन्होंने सवाल किया कि क्या इन सांसदों को संसद में वोट देने की अनुमति मिलेगी.

नियम क्या कहते हैं?

लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक जब तक किसी सांसद की सदस्यता खत्म करने का फैसला नहीं हो जाता, तब तक वह सांसद सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकता है और वोट भी दे सकता है. सूत्रों का कहना है कि सिर्फ याचिका दायर हो जाने या मामला लंबित रहने से किसी सांसद के अधिकार खत्म नहीं होते. इसलिए फिलहाल इन 20 सांसदों को वोट देने से नहीं रोका जा सकता.

जून में टीएमसी छोड़कर अलग हुए थे सांसद

पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार के बाद जून 2026 में पार्टी के 20 सांसद अलग हो गए थे. बाद में वे एनसीपीआई में शामिल हो गए और उन्होंने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया था. इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की थी कि उन्हें सदन में टीएमसी सांसदों से अलग बैठने की व्यवस्था दी जाए. अध्यक्ष ने उनकी यह मांग स्वीकार कर ली थी.

अभिषेक बनर्जी ने की सदस्यता रद्द करने की मांग

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इन सभी सांसदों के खिलाफ अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं. उन्होंने मांग की है कि दल बदलने के कारण इन सांसदों की सदस्यता खत्म की जाए. इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने 26 अगस्त 2026 को सभी 20 सांसदों को नोटिस भेजा था और उनसे जवाब मांगा था.

जानकारी के मुताबिक जवाब दाखिल करने की समयसीमा पांच बार बढ़ाई गई. आखिरकार 24 नवंबर 2026 को सभी 20 बागी सांसदों ने अपना लिखित जवाब लोकसभा अध्यक्ष को सौंप दिया. अब अध्यक्ष इन जवाबों का अध्ययन करेंगे और उसके बाद सदस्यता रद्द करने की मांग पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.

मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा

इस बीच टीएमसी ने सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया है. पार्टी ने अदालत में याचिका दाखिल कर मांग की है कि इस मामले में जल्द फैसला कराया जाए. फिलहाल स्थिति यह है कि अंतिम फैसला आने तक इन 20 सांसदों के वोट देने के अधिकार बने हुए हैं. ऐसे में संसद के विशेष सत्र के दौरान इन सांसदों की भूमिका और उनकी वोटिंग पर सभी दलों की नजर रहने वाली है.

यह भी पढ़ें | LIVE: कैबिनेट बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक में संशोधन को मंजूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TMC News, Parliament Special Session, Indian Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com