अदाणी मैराथन के 10वें संस्करण का रविवार को अहमदाबाद में आयोजन हुआ. इस मैराथन में लगभग 32 हजार धावकों ने हिस्सा लिया. महिला बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने मैराथन का हिस्सा बनने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि इस बार मैराथन का आयोजन खासतौर पर सैनिकों के लिए किया जा रहा है और वह इसका हिस्सा बनकर खुश हैं. इस मैराथन में पूरे भारत और दूसरे देशों के लोगों ने भी हिस्सा लिया, जिसमें चार अलग-अलग रेस कैटेगरी शामिल रहीं। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने मैराथन के लिए खास इंतजाम किए, जबकि गुजरात पुलिस ने मैराथन का रूट तैयार किया. देश के अलग-अलग हिस्सों से आए धावक इस इवेंट में उत्साह के साथ हिस्सा लेते दिखाई दिए.
हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला बॉक्सर लवलीना ने 'आईएएनएस' संग बातचीत करते हुए कहा, "सबसे पहले, मैं अदाणी ग्रुप को इतनी बड़ी पहल करने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं. इस इवेंट में बहुत सारे लोगों ने हिस्सा लिया है. इस बार का आयोजन सैनिकों के लिए किया जा रहा है, जो इसे और भी खास बनाता है. इस साल इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना एक रिकॉर्ड है और यह मैराथन का 10वां संस्करण है. यह इवेंट इतने वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, जो एक बड़ी कामयाबी है."

लवलीना ने कहा, "मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि सबसे पहले, हमें कुछ करने के लिए खुद पर भरोसा होना चाहिए, क्योंकि हमें सब कुछ मिल रहा है. पहले, ऐसा होता था कि हमें सपोर्ट नहीं मिलता था. अब हमें सपोर्ट मिल रहा है और सरकार भी बहुत मदद कर रही है, तो हम यह कर सकते हैं. हमारे पास सब कुछ है. बस खुद पर भरोसा रखें. मैं हाफ मैराथन में भी थी और अभी मैं 10 किलोमीटर की दौड़ में भी हूं. तो यह बहुत, बहुत अच्छा लग रहा है. हर बार हम इसे अपनी फिटनेस और जीतने के लिए करते हैं, लेकिन इस बार हम इसे अपने सैनिकों के लिए कर रहे हैं, और मैं बहुत खुश हूं कि मैं इसका हिस्सा बन सकी. मैं इसे इतने अच्छे से आयोजित करने के लिए अदाणी ग्रुप को भी धन्यवाद देती हूं."
डीसीपी चिराग पटेल ने बताया कि इस मैराथन के आयोजन के लिए पुलिस पिछले तीन महीनों से तैयारी कर रही थी. पुलिस शनिवार रात 12 बजे से यहां मौजूद है, इसमें 500 से ज्यादा ट्रैफिक पुलिस वाले और 500 से अधिक लॉ-एंड-ऑर्डर पुलिस वाले इंतजाम के लिए तैनात हैं. पुलिस ने इस बात का खास ख्याल रखा कि पब्लिक को किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े.
अदाणी मैराथन में पहली बार शामिल हुए एक प्रतिभागी ने आयोजन की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि रेस का मैनेजमेंट काफी अच्छा था और हाइड्रेशन पॉइंट भी बहुत शानदार थे.
ये मैराथन, भारत के सशस्त्र बलों को सम्मान देने के लिए #Run4OurSoldiers थीम पर आधारित थी. इस साल मैराथन में चार कैटेगरी थी, इनमें फुल मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ शामिल थी. फुल मैराथन सुबह 4:00 बजे, हाफ मैराथन सुबह 4:45 बजे, 10 KM की दौड़ सुबह 6:30 बजे और 5 KM की दौड़ सुबह 8:15 बजे शुरू हुई.
इस बार मैराथन को 'वर्ल्ड एथलेटिक्स ग्लोबल कैलेंडर' में शामिल किया गया है, जिससे इसमें किए गए प्रदर्शन को 'वर्ल्ड एथलेटिक्स रैंकिंग' में जगह मिल सकेगी.
इसे भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ पहुंचे अदाणी ग्रुप के रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट, सोलर पैनल और विंड टर्बाइन देखकर बोले- ‘बोहोत वधिया'
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं