Allahabadi Guava Ethanol Plant:उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का मशहूर इलाहाबादी अमरूद अब एक नई पहचान बनाने की तैयारी में है. अपनी मिठास, खुशबू और खास स्वाद के लिए मशहूर इस अमरूद से अब सिर्फ जैम, जूस या दूसरे खाद्य उत्पाद ही नहीं, बल्कि फ्रूट वाइन बनाने की भी योजना है. ये सब होगा, प्रयागराज के शंकरगढ़ में बन रहे एक डिस्टिलरी प्लांट में. यहां हर दिन 1 लाख लीटर फ्यूल-ग्रेड एथेनॉल का उत्पादन भी होगा. इस एथेनॉल का इस्तेमाल पेट्रोल में मिलाकर वाहनों के ईंधन के तौर पर किया जा सकेगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य सलाहकार अविनाश अवस्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस प्रोजेक्ट की जानकारी शेयर की है. उनके मुताबिक, 155 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा महाकौशल डिस्टिलरी का ये प्लांट जनवरी 2027 में शुरू होने की उम्मीद है. इसकी उत्पादन क्षमता 100 KLPD यानी रोजाना 1 लाख लीटर फ्यूल-ग्रेड एथेनॉल की होगी.
उन्होंने इसे स्थानीय कृषि उपज को क्लीन एनर्जी में बदलने, किसानों के लिए नए अवसर पैदा करने और उत्तर प्रदेश की ग्रीन इकोनॉमी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया है.
Prayagraj's GI-tagged guavas are set to fuel a greener tomorrow! The upcoming ₹255 crore Mahakaushal Distillery ethanol plant at Shankargarh, with a capacity of 100 KLPD fuel-grade ethanol, is expected to be commissioned in January 2027. A progressive step towards transforming local agricultural produce into clean energy, creating new opportunities for farmers and strengthening Uttar Pradesh's green economy!
— Awanish K Awasthi (@AwasthiAwanishK) November 27, 2026
सालाना 3.65 करोड़ लीटर एथेनॉल उत्पादन
प्रयागराज मंडल का ये पहला एथेनॉल प्लांट बताया जा रहा है. शंकरगढ़ में करीब 10 हेक्टेयर जमीन पर इसका निर्माण किया जा रहा है. प्लांट के डायरेक्टर राज जायसवाल के मुताबिक, इसकी प्राथमिक उत्पादन क्षमता रोजाना करीब 1 लाख लीटर फ्यूल-ग्रेड एथेनॉल की है.
अगर प्लांट पूरे साल अपनी पूरी क्षमता पर काम करता है, तो सालाना करीब 3.65 करोड़ लीटर एथेनॉल का उत्पादन हो सकता है.
एथेनॉल एक तरह का अल्कोहल है, जिसे पेट्रोल में मिलाकर इस्तेमाल किया जाता है. इससे पेट्रोलियम ईंधन की खपत और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है.

अमरूद से बनेगी फ्रूट वाइन, दूसरे फलों पर भी प्लान
इस प्रोजेक्ट की एक और खासियत है. यहां फ्यूल-ग्रेड एथेनॉल के साथ-साथ फलों से अल्कोहलिक बेवरेज यानी फ्रूट वाइन बनाने की भी योजना है. इसके लिए खास तौर पर GI टैग वाले इलाहाबादी अमरूद का इस्तेमाल किया जा सकता है.
प्लांट डायरेक्टर के मुताबिक, अमरूद के अलावा आंवला, जामुन और आम से भी फ्रूट वाइन बनाने की अच्छी संभावनाएं हैं.
प्रयागराज और कौशांबी के अमरूद के बागान और प्रतापगढ़ के आंवला और आम उत्पादक क्षेत्र इस तरह के कारोबार के लिए संभावनाएं रखते हैं. प्रतापगढ़ के मानिकपुर इलाके में आम की खेती भी फ्रूट वाइन के लिए उपयोगी हो सकती है.
इससे स्थानीय फलों को बाजार में नया उपयोग मिल सकता है और किसानों को पारंपरिक बिक्री के अलावा वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट के जरिए कमाई का एक और विकल्प मिल सकता है.

किसानों को तीन तरह के फायदे
शंकरगढ़ के इस प्रोजेक्ट से आसपास के किसानों को कई तरह से फायदा पहुंचाने की योजना है.
- फलों की नई मांग: इलाहाबादी अमरूद और दूसरे फलों से फ्रूट वाइन बनाने की योजना से स्थानीय उत्पादों के लिए नया बाजार तैयार हो सकता है.
- पराली की खरीद: प्लांट किसानों से फसल अवशेष यानी पराली खरीदेगा. इससे किसानों को अतिरिक्त आमदनी का मौका मिलेगा.
- जैविक खाद और पशु आहार: प्लांट से निकलने वाले कचरे को प्रोसेस करके खाद बनाई जाएगी, जिसे किसानों को सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने की योजना है. इसके अलावा यहां पौष्टिक पशु आहार भी तैयार किया जाएगा.
इन गतिविधियों से खेती और उद्योग के बीच सीधा संबंध मजबूत होने की उम्मीद है.
600 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद
प्लांट के शुरू होने से शंकरगढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं. प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, इससे 600 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है.
जिला प्रशासन भी प्लांट के निर्माण और संचालन में सहयोग कर रहा है. प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने संबंधित विभागों को परियोजना के काम में पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए हैं.

प्रयागराज में एग्री टूरिज्म और वाइन टूरिज्म को भी बढ़ावा
इस प्रोजेक्ट से सिर्फ खेती और ऊर्जा क्षेत्र को ही नहीं, पर्यटन को भी नया मौका मिल सकता है. स्थानीय टूर ऑपरेटर्स का मानना है कि अगर प्लांट के आसपास रिसॉर्ट और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाती हैं, तो यहां वाइन टूरिज्म और एग्री-टूरिज्म को बढ़ावा मिल सकता है.
पर्यटक अमरूद और आम के बागानों की सैर कर सकेंगे. इसके साथ ही फ्रूट वाइन बनाने की प्रक्रिया को देखने और स्थानीय कृषि उत्पादों का अनुभव लेने का मौका भी मिल सकता है. प्रयागराज आने वाले घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए ये एक नया आकर्षण बन सकता है. यहां वेडिंग फोटोशूट, कॉरपोरेट इवेंट और दूसरे आयोजनों की संभावनाएं भी तलाशी जा सकती हैं.
यह भी पढ़ें | डीजल में बायोफ्यूल, कोल गैसिफिकेशन... PM के सलाहकार ने बताया, तेल-गैस पर 7 लाख करोड़ का बोझ कैसे होगा कम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं