आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में गणेशोत्सव के अन्नदान कार्यक्रम के दौरान एक महिला की उबलते सांभर से भरे बर्तन में गिरने से मौत हो गई. सोशस मीडिया पर इस दर्दनाक हादसा का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इस बीच क्रिकेट से जुड़े एक लोकप्रिय एक्स अकाउंट @Selfless Cricket ने डॉक्टर्स से इससे जुड़े एक जरूरी सवाल पूछा, जिसने लोगों को ये सोचने पर मजबूर कर दिया कि ऐसी स्थिति में किसी की जान बचाने केलिए हमें तुरंत क्या करना चाहिए? यहां जानते हैं पूरा मामला और डॉक्टर से जानते हैं ऐसी स्थिति में सबसे पहले क्या करें?
क्या है पूरा मामला?
खबरों के मुताबिक, 46 वर्षीय सुताथा विजयवाड़ा में विनायक चतुर्थी के अन्नदान कार्यक्रम की तैयारियों में मदद कर रही थीं. इसी दौरान उबलते सांभर से भरे बड़े बर्तन को ले जाते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वो इसमें गिर गईं. इस हादसे के बाद उसे तुरंत हॉस्पिटल ते लाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई.
इस घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने हैरानी जताई. वीडियो ने ये सवाल भी खड़ा कर दिया कि बड़े धार्मिक और सामुदायिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों का कितना ध्यान रखा जाता है.
क्रिकेट पेज के सवाल ने क्यों खींचा ध्यान?
हादसे की खबर वायरल होने के बाद Selfless Cricket ने एक्स पर पोस्ट करते हुए डॉक्टर्स से पूछा, 'अगर कोई गर्म पानी में गिर जाए तो स्किन बर्न को कम करने और जान बचाने के लिए क्या करना चाहिए?' ये सवाल तेजी से वायरल हो गया और हजारों यूजर्स ने इसके जवाब जानने में रुचि दिखाई.
Dear doctors, what should we do if we fall into hot water to reduce skin burns and save our lives? https://t.co/ttimIsIuR4
— Selfless Cricket (@SelflessCricket) September 22, 2026
गर्म पानी में गिर जाए, तो तुरंत क्या करें?
सीके बिड़ला हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन, कंसल्टेंट डॉ. अमित प्रकाश सिंह का कहना है कि अगर कोई गर्म पानी या किसी भी तरह के तरल पदार्थ में गिर जाए, तो उन्हें फौरन कुछ बातों पर ध्यान रखने की जरूरत होती है, जैसे-
- ऐसी घटना होने पर तुरंत व्यक्ति को घटना स्थल से बाहर निकालें.
- फिर जले हुए हिस्से पर 20 मिनट तक ठंडा बहता पानी डालें. ऐसा करने से स्किन का तापमान कम होता है और जलन घट सकती है.
- अगर कपड़े स्किन से चिपके नहीं हैं, तो धीरे-धीरे निकाल दें. अंगूठी, घड़ी या कंगन भी हटा लें, क्योंकि सूजन बढ़ सकती है.
- जले हुए स्थान पर तुरंत बर्फ, घी, टूथपेस्ट या घरेलू नुस्खे न आजमाएं. अगर आप ऐसा करते हैं, तो इंफेक्शन का खतरा काफी हढ़ सकता है.
- अगर चेहरा, गर्दन, हाथ, पैर या शरीर का बड़ा हिस्सा जला है या फफोले पड़ गए हैं, तो ऐसी स्थिति में देरी न करें और फौरन इमरजेंसी मेडिकल मदद लें.
ये भी पढ़ें - भगोना लेकर आ रही महिला लड़खड़ाई और सीधे खौलते हुए सांबर में जा गिरी, विजयवाड़ा में दर्दनाक मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं