सर्दियों की सुबह अगर आपकी शुरुआत लगातार छींक आने, नाक बहने या बंद रहने और आंखों में खुजली से होती है, तो इसे सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर इग्नोर न करें. ये सर्दियों में बढ़ने वाली एलर्जी का संकेत हो सकता है. मैक्स हॉस्पिटल की प्रिंसिपल डायरेक्टर एंड एचओडी (इंटरनल मेडिसिन) डॉ. मोनिका महाजन का कहना है कि ठंड के मौसम में कुछ खास कारणों से एलर्जी और उससे जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं, जिससे कई लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है. यहां डॉक्टर से इस विषय को अच्छे से समझते हैं-
सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है छींक और एलर्जी की समस्या?
डॉ. महाजन का कहना है कि छींक आना शरीर का एक नैचुरल प्रोटेक्शन सिस्टम है, अगर ये बार-बार होने लगे तो इसके पीछे एलर्जी जिम्मेदार हो सकती है. सर्दियों में इसके दो बड़े कारण माने जाते हैं.
इसमें पहला कारण है बढ़ता हुआ स्मॉग और प्रदूषण. ठंड के मौसम में हवा में PM 2.5 जैसे बेहद बारीक कणों की मात्रा बढ़ जाती है. ये कण इतने छोटे होते हैं कि आसानी से नाक और श्वसन तंत्र के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं और एलर्जी को ट्रिगर कर सकते हैं.
दूसरा कारण है घर के अंदर और बाहर के तापमान में अंतर. सर्दियों में लोग अधिक समय घर के अंदर बिताते हैं और हीटर का इस्तेमाल भी बढ़ जाता है. इससे घर के भीतर मौजूद धूल, फफूंद और अन्य एलर्जी पैदा करने वाले तत्वों के संपर्क में आने का खतरा बढ़ जाता है.
घर के अंदर छिपे हैं एलर्जी के बड़े कारण
सर्दियों में लोग ज्यादातर समय घर के अंदर बिताते हैं. ऐसे में धूल के कण, फफूंद, कॉकरोच से जुड़े एलर्जेन और अन्य सूक्ष्म कण शरीर को प्रभावित कर सकते हैं. डॉ. महाजन बताती हैं कि सुबह उठते समय आंखों से पानी आना, आंखों में खुजली, नाक बहना या लगातार छींक आना अक्सर इन्हीं एलर्जी कारकों के कारण होता है.
किन लोगों को ज्यादा होता है खतरा?
डॉक्टर कहती हैं कि कुछ लोगों में एलर्जी की प्रवृत्ति पहले से मौजूद होती है. ऐसे लोगों के शरीर में IgE या ईोसिनोफिल्स का स्तर अधिक हो सकता है, जिससे एलर्जिक राइनाइटिस और अस्थमा जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. ये प्रवृत्ति जेनेटिक भी हो सकती है यानी माता-पिता से बच्चों में पहुंच सकती है. ऐसे लोगों को मौसम बदलने के साथ ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है.
पालतू जानवर भी बढ़ा सकते हैं परेशानी
अगर घर में कुत्ता, बिल्ली या अन्य पालतू जानवर हैं और वे आपके बिस्तर या कमरे में रहते हैं, तो एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है. जानवरों के बाल, स्किन के सूक्ष्म कण और उनसे जुड़े एलर्जेन कुछ लोगों में लगातार छींक और नाक की परेशानी का कारण बन सकते हैं.
सर्दियों में एलर्जी से खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
- धूल और गंदगी को जमा न होने दें. वैक्यूम क्लीनर की मदद से फर्श, सोफे और अन्य जगहों की सफाई करें.
- पुराने अखबार, कार्डबोर्ड और लंबे समय से रखे सामान पर धूल जमा हो सकती है, जो एलर्जी को बढ़ावा देती है.
- पर्दे, सोफे के कवर और मोटे कालीन धूल के कणों का बड़ा ठिकाना हो सकते हैं. इन्हें समय-समय पर साफ करते रहें.
- बाथरूम और दीवारों पर सीलन या फफूंद दिखे तो तुरंत उसका समाधान करें. फफूंद एलर्जी का बड़ा कारण बन सकती है.
- अगर आप एयर प्यूरीफायर या हीटर का उपयोग करते हैं, तो उनके फिल्टर की नियमित सफाई जरूरी है, ताकि हवा साफ बनी रहे.
- सर्दियों में इन्फ्लुएंजा और निमोनिया से बचाव के लिए डॉक्टर की सलाह अनुसार टीकाकरण करवाना फायदेमंद हो सकता है. साथ ही पौष्टिक और संतुलित भोजन लें.
ये भी पढ़ें - 'मुझे सिगरेट के धुएं की गंध क्यों आती है, जबकि मेरे पास कोई स्मोक नहीं करता?' जानिए इसके पीछे का असली कारण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं