विज्ञापन

दांतों में कैविटी किस तत्व की कमी से होती है? इस 1 मिनरल्स की कमी से दांतों में दिखते हैं काले-काले धब्बे

दांतों में कैविटी होने के पीछे न सिर्फ ज्यादा मीठा खाना होता है, बल्कि शरीर में पोषक तत्व की कमी भी इसकी वजह हो सकती है. यहां जानते हैं इस बारे में-

दांतों में कैविटी किस तत्व की कमी से होती है? इस 1 मिनरल्स की कमी से दांतों में दिखते हैं काले-काले धब्बे
tooth cavity causes : दांतों में कैविटी के कारण

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को दांतों में कैविटी की परेशानी होना काफी कॉमन हो गया है. अधिकतर लोग इसके पीछे की वजह ज्यादा मीठ खाना या फिर ब्रश न करना समझ लेते हैं. लेकिन हर केस में ऐसा हो ये जरूरी नहीं होता. कई बार शरीर में पोषक तत्वों की कमी के कारण भी दांतों में कैविटी की परेशानी हो सकती है. अक्सर लोग इस बारे में अनजान रहते हैं. इस विषय को समझने के लिए हमने यशोदा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. कमलेश ए से बातचीत की. डॉक्टर का कहना है कि दांतों में कैविटी सिर्फ मीठा या फिर खाद्य पदार्थों को खाने की वजह से नहीं होता है. इसके पीछे की वजह शरीर में फ्लोराइड की कमी भी हो सकती है. यहां जानते हैं इस बारे में-

फ्लोराइड की कमी से बढ़ता है कैविटी का खतरा

डॉ. कमलेश का कहना है कि फ्लोराइड दांतों की बाहरी परत यानी इनेमल को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ये दांतों को उन एसिड्स से बचाता है, जो मुंह में मौजूद बैक्टीरिया भोजन में मौजूद शुगर और स्टार्च को तोड़ने के दौरान पैदा करते हैं. जब शरीर को पर्यप्त मात्रा में फ्लोराइड नहीं मिलता, तो दांतों का इनेमल धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है. इससे दांतों में मिनरल्स की कमी होने लगती है और कैविटी बनने का रिस्क बढ़ जाता है.

क्या सिर्फ फ्लोराइड की कमी ही जिम्मेदार है?

इस बारे में डॉक्टर कहते हैं कि कैविटी किसी एक तत्व की कमी से नहीं होती. इसके पीछे कई कारण एक साथ काम करते हैं. बार-बार मीठा खाना, मुंह की अच्छी तरह सफाई न करना, ड्राई माउथ की समस्या और दांतों पर प्लाक का जमाव कैविटी के प्रमुख कारण हो सकते हैं.

इसके अलावा कैल्शियम, फॉस्फोरस और विटामिन-डी भी दांतों की मजबूती के लिए जरूरी होते हैं. इन पोषक तत्वों की कमी से दांत कमजोर हो सकते हैं, लेकिन कैविटी की रोकथाम में फ्लोराइड की भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण मानी जाती है.

कैविटी से बचने के लिए क्या करें?

डॉ. कमलेश का कहना है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर कैविटी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है, जैसे-

  • दिन में कम से कम दो बार फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से ब्रश करें.
  • मीठा और शुगरी ड्रिंक्स का सेवन सीमित करें.
  • भोजन के बाद कुल्ला करने की आदत डालें.
  • नियमित रूप से दांतों की क्लीनिंग कराएं. 

जरूरत से ज्यादा फ्लोराइड भी हो सकता है नुकसानदायक

अंत में डॉक्टर चेतावनी देते हुए कहते हैं कि फ्लोराइड की कमी जितनी हानिकारक है, उसकी अधिकता भी समस्या पैदा कर सकती है. दांतों के विकास के दौरान अत्यधिक फ्लोराइड लेने से डेंटल फ्लोरोसिस हो सकता है, जिसमें दांतों पर सफेद या भूरे धब्बे दिखाई देने लगते हैं. इसलिए फ्लोराइड सप्लीमेंट्स सिर्फ एक्सपर्ट की सलाह पर ही लेने चाहिए.

ये भी पढ़ें - दांतों का कालापन कैसे दूर करें? घर पर काले दांत साफ करने के आसान तरीके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tooth Cavity, Tooth Cavity Causes, Teeth, Health, Health Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com