विज्ञापन

रात में बार-बार क्यों आती है पेशाब? क्या किडनी हो गया है डैमेज या है दूसरी समस्या

क्या आपको रात में सोते समय बार-बार पेशाब आने लगती है? अगर हां, तो ये संकेत किडनी ही नहीं, अन्य बीमारियों की ओर इशारा करते हैं. यहां जानते हैं इस बारे में-

रात में बार-बार क्यों आती है पेशाब? क्या किडनी हो गया है डैमेज या है दूसरी समस्या
रात में बार-बार पेशाब क्यों आता है?

क्या रात के समय आपको बार-बार पेशाब की परेशानी होती है? अगर हां, तो इसके पीछे किडनी से जुड़ी परेशानी हो सकती है. इसके अलावा ये कई अन्य कारणों से भी हो सकता है. ऐसे में अगर आपके साथ ऐसा हो रहा है, तो इस स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें, रात में सोते समय बार-बार पेशाब आने की स्थिति को नोक्टूरिया' (Nocturia) कहा जाता है. 

उत्तराखंड स्थित आरजी हॉस्पिटल के नेफ्रोलॉजी डॉ. भाविन ब्रह्मभट्ट का कहना है कि इस तरह की परेशानी का कारण अधि मात्रा में पानी पीना, चाय या कैफीन युक्त ड्रिंक्स का सेवन करना और रात में अधिक ड्रिंक्स लेना इसके सामान्य कारण हो सकते हैं. लेकिन अगर व्यक्ति को हर रात कई बार पेशाब के लिए उठना पड़ता है, तो इसके कारणों की जांच करना जरूरी है.

क्या किडनी की समस्या से है कोई कनेक्शन?

डॉक्टर का कहना है कि किडनी शरीर से गंदे पदार्थों और अतिरिक्त तरल को बाहर निकालने के साथ-साथ शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है. जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तो पेशाब की मात्रा और उसके आने के तरीके में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. कुछ लोगों को रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है, जो किडनी से जुड़ी किसी परेशानी का संकेत हो सकता है. हालांकि, केवल इसी एक लक्षण के आधार पर किडनी की बीमारी का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता.

इसके अलावा, डायबिटीज होने पर खून में शुगर का स्तर बढ़ जाता है, जससे बार-बार और ज्यादा पेशाब आ सकता है. यदि इसके साथ अधिक प्यास लगना, लगातार थकान महसूस होना या बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना जैसे लक्षण भी दिखाई दें, तो ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए.

पुरुषों में प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ना भी रात में बार-बार पेशाब आने की एक आम वजह हो सकती है. वहीं, महिलाओं और पुरुषों दोनों में यूरिन इन्फेक्शन, ओवरएक्टिव ब्लैडर और कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट भी इस समस्या का कारण बन सकते हैं. कुछ मामलों में हार्ट डिजीज या नींद से जुड़ी समस्याएं भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं.

रात में बार-बार पेशाब आने के किन-किन लक्षणों को इग्नोर नहीं करना चाहिए?

डॉ. भाविन का कहना है कि अगर रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या लंबे समय तक बनी रहे, आपकी नींद बार-बार टूटती हो या दिनभर ज्यादा थकान महसूस होती हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. इसके अलावा, पेशाब करते समय जलन या दर्द होना, पेशाब में खून आना, बुखार रहना, कमर या पेट के साइड में दर्द होना, या पेशाब की मात्रा में अचानक बदलाव आना भी स्वास्थ्य जांच की जरूरत का संकेत हो सकता है. अगर पेशाब बिल्कुल बंद हो जाए या तेज दर्द के साथ बुखार आए, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना या नजदीकी अस्पताल जाना जरूरी है.

पेशाब आने की परेशानी से बचने के लिए क्या करें?

सोने से ठीक पहले बहुत ज्यादा पानी या अन्य तरल पदार्थ पीने से बचें. साथ ही, शाम के समय चाय, कॉफी और अन्य कैफीन वाले पेय सीमित मात्रा में लें, क्योंकि ये बार-बार पेशाब आने की समस्या बढ़ा सकते हैं. हालांकि, डॉक्टर की सलाह के बिना पानी पीना बहुत कम नहीं करना चाहिए, खासकर उन लोगों को जिन्हें पहले से किडनी या हृदय से जुड़ी कोई बीमारी है. समस्या की असली वजह पता करने के लिए डॉक्टर आपके लक्षणों के आधार पर ब्लड शुगर टेस्ट, यूरिन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट या अन्य जरूरी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं.

रात में बार-बार पेशाब आना हर बार किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय पर जांच और सही इलाज से इसकी वास्तविक वजह का पता लगाया जा सकता है और समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है.

ये भी पढ़ें - 5 तरीके जिससे पेट फूलना होगा बंद, आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताया कैसे

प्रस्‍तुत‍ि : रोशनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health, Kidney Problem, Urination, Lifestyle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com