आजकल बहुत से लोग विटामिन D की कमी से परेशान हैं. किसी को हर समय थकान महसूस होती है, तो किसी के शरीर और हड्डियों में दर्द रहता है. ऐसे में लोग धूप लेते हैं, खानपान सुधारते हैं और डॉक्टर की सलाह से विटामिन D की दवाई भी खाते हैं. लेकिन कई बार इतना सब करने के बाद भी शरीर में विटामिन D का स्तर नहीं बढ़ता. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं या आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर AIIMS और हार्वर्ड से ट्रेनिंग ले चुके मशहूर डॉक्टर सौरभ सेठी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉक्टर ने विटामिन डी की कमी को दूर करने का सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
Vitamin D की कमी कैसे दूर करें?
डॉक्टर सौरभ सेठी बताते हैं, शरीर में विटामिन D पहुंचना ही काफी नहीं है, बल्कि इसका एक्टिव होना भी जरूरी है. आसान भाषा में समझें तो हम जो विटामिन D धूप, खाने या सप्लीमेंट के जरिए लेते हैं, शरीर उसे कई प्रक्रियाओं से गुजारकर इस्तेमाल करने लायक बनाता है. इस काम में लिवर और किडनी का मेन रोल होता है. इसके अलावा विटामिन D को एक्टिव करने लिए शरीर को मैग्नीशियम की जरूरत भी पड़ती है. अगर शरीर में मैग्नीशियम की कमी है, तो हमारी बॉडी विटामिन D को एक्टिव नहीं कर पाती है या उसका सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाती है. यही वजह है कि कुछ लोगों को पर्याप्त धूप लेने और विटामिन D की दवाई खाने के बाद भी इसका पूरा फायदा नहीं मिल पाता है.
कैसे दूर करें मैग्नीशियम की कमी?मैग्नीशियम की कमी को पूरा करने के लिए डॉक्टर कुछ खास चीजों को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं. जैसे-
- बादाम और काजू जैसे ड्राई फ्रूट्स
- कद्दू और सूरजमुखी के बीज
- चना, राजमा और दूसरी दालें
- पालक और हरी पत्तेदार सब्जियां
- साबुत अनाज और बीन्स
इन चीजों को अपनी डाइट में शामिल करने से शरीर को मैग्नीशियम मिल सकता है. हालांकि, अगर हेल्दी डाइट लेने के बाद भी बॉडी में मैग्नीशियम की कमी है, तो आप डॉक्टर की सलाह के बाद मैग्नीशियम सप्लीमेंट भी ले सकते हैं. मैग्नीशियम की कमी दूर होने पर बॉडी में विटामिन D भी एक्टिव होने लगता है. ऐसे में अगर आप लंबे समय से विटामिन D की दवाई खा रहे हैं और फिर भी इसकी कमी दूर नहीं हो रही है, तो एक बार डॉक्टर से मिकर विटामिन D और मैग्नीशियम का टेस्ट जरूर करा लें.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- टमाटर-प्याज की चटनी कैसे बनाएं? जानें खट्टी-मीठी चटनी बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं