आयुर्वेद में अश्वगंधा और शतावरी बहुत ही खास जड़ी-बूटियां मानी जाती हैं. शरीर की कई तरह की समस्याओं को दूर करने के लिए इन जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल किया जाता है. दोनों का अलग-अलग सेवन करने से भी शरीर को बहुत फायदे होते हैं, लेकिन अगर आप दोनों का एक साथ सेवन करते हैं तो इससे दोगुने लाभ मिल सकते हैं. गाजियाबाद स्थित रामहंस परमार्थ के आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ. राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि अश्वगंधा और शतावरी के कॉम्बिनेशन से शरीर में ताकत मिलती है. ये थकान को कम करने के साथ-साथ पूरे शरीर के लिए फायदेमंद हो सकता है. यहां जानते हैं इन दोनों मिश्रण का सेवन करने से शरीर को क्या-क्या फायदे हो सकते हैं?
शरीर की बढ़ाए ताकत
अश्वगंधा और शतावरी का कॉम्बिनेशन शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद हो सकती है. इसके सेवन से आपके शरीर की एनर्जी बनी रहती है. अगर आपको बिना वजह थकान बनी रहती है, तो इस कॉम्बिनेशन का सेवन करें. ये दिनभर होने वाली सुस्ती को कम करके आपके शरीर को एनर्जेटिक बनाता है.
स्ट्रेस को करे कम
अश्वगंधा को तनाव कम करने के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है. शतावरी के साथ लेने पर ये शरीर और मन दोनों को बैलेंस रखने में मदद कर सकती है. इससे थकान और कमजोरी में राहत मिल सकती है. अपने डॉक्टर की सलाह पर इसका सेवन करें.
महिलाओं और पुरुषों दोनों के लिए फायदेमंद
शतावरी को अक्सर महिलाओं की सेहत से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसके फायदे पुरुष भी ले सकते हैं. अश्वगंधा और शतावरी का मिश्रण शरीर को जरूरी पोषण देने और सामान्य फिटनेस बनाए रखने में मददगार साबित हो सकता है.
इम्यूनिटी करे बूस्ट
शतावरी और अश्वगंधा का मिश्रण शरीर के लिए काफी फायदेमंद हो सकती है. इन दोनों जड़ी-बूटियों में ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं. नियमित और सही मात्रा में सेवन करने से शरीर को बेहतर सपोर्ट मिल सकता है.
कैसे और कितना करें शतावरी और अश्वगंधा का सेवन?
अश्वंगधा और शतावरी के पाउडर का सेवन आप दूध, गुनगुने पानी या फिर डॉक्टर की सलाह के अनुसार कर सकते हैं. आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ. राहुल का कहना है कि आप 3 से 5 ग्राम अश्वगंधा और 3 से 5 ग्राम शतावरी पाउडर रोजाना ले सकते हैं. हालांकि सही मात्रा व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और जरूरतों पर निर्भर करती है. इसलिए लंबे समय तक सेवन करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहता है.
ये भी पढ़ें - कैंसर से जंग, पिता बनने की उम्मीद हुई खत्म, लेकिन 7 साल पहले लिया फैसला आया काम...पढ़िए पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं