कैंसर का इलाज कई बार मरीज की इंफर्टिलिटी पर असर डाल सकता है. ऐसे में इलाज शुरू होने से पहले उठाया गया एक सही कदम फ्यूचर में माता-पिता बनने के सपने को बचा सकता है. ठीक ऐसा ही मामला गुरुग्राम से सामने आया है. 18 साल की उम्र में एक युवक को एक्यूट मायलॉयड ल्यूकेमिया (AML) नाम की ब्लड कैंसर की गंभीर बीमारी का पता चला. डॉक्टरों ने बताया कि कीमोथेरेपी का असर उसकी इंफर्टिलिटी पर भी पड़ सकता है. इसे देखते हुए युवक ने इलाज शुरू होने से पहले अपना स्पर्म फ्रीज कराने का फैसला किया. यहां जानते हैं पूरी कहानी...
7 साल पहले लिया था फैसला
लगभग सात साल बाद, 25 वर्ष की उम्र में युवक ने शादी की और परिवार बढ़ाने की प्लानिंग बनाई. इस दौरान कराए गए सीमन एनालिसिस में पता चला कि वह एजूस्पर्मिया से पीड़ित है. यानी उसके सीमन में स्पर्म मौजूद नहीं थे. ये खबर उसके लिए बड़ा झटका थी, लेकिन इलाज से पहले फ्रीज कराया गया स्पर्म उस कठिन समय में उम्मीद की किरण बनकर सामने आया.
IUI टेक्नीक से पूरा हुआ पिता बनने का सपना
युवक ने अपनी पत्नी को पूरी स्थिति के बारे में बताया. इसके बाद डॉक्टर्स की सलाह पर फ्रीज किए गए स्पर्म की मदद से इंट्रायूटेराइन इनसेमिनेशन (IUI) प्रोसेस अपनाई गई. ये प्रयास सफल रहा और महिला ने गर्भधारण किया. बाद में एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ. आज बच्ची तीन साल की है और पूरी तरह स्वस्थ है.
लोगों को मिलती है इससे बड़ी सीख
गुरुग्राम स्थित CIFAR के फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. पुनीत राणा अरोड़ा का कहना है कि इस तरह का मामला बताता है कि कैंसर के इलाज से पहले फर्टिलिटी प्रिजर्वेशन कितना जरूरी हो सकता है. उन्होंने कहा कि युवा कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी शुरू होने से पहले स्पर्म या एग फ्रीजिंग जैसे ऑप्शन्स की जानकारी दी जानी चाहिए. सही समय पर लिया गया निर्णय फ्यूचर में माता-पिता बनने की संभावना को सुरक्षित रख सकता है.
क्या है फर्टिलिटी प्रिजर्वेशन?
फर्टिलिटी प्रिजर्वेशन ऐसा प्रोसेस है, जिसमें इलाज शुरू होने से पहले स्पर्म, एग या एंब्रो को सुरक्षित रखा जाता है. इसका मकसद ये सुनिश्चित करना होता है कि फ्यूचर में मरीज परिवार शुरू करने की इच्छा पूरी कर सके, भले ही इलाज का असर उसकी प्रजनन क्षमता पर पड़ा हो. ये मामला मामला दिखाता है कि मुश्किल हालात में लिया गया एक छोटा-सा फैसला भी सालों बाद किसी की जिंदगी में बड़ी खुशियां ला सकता है.
ये भी पढ़ें - गर्भ में 200 के पार पहुंच गई थी बच्चे की धड़कन, स्कैन में हुआ खुलासा, पेट के अंदर ही शुरू हुआ इलाज, बची जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं