Lemon in Uric Acid : अक्सर आपने लोगों को कहते सुना होगा कि यूरिक एसिड बढ़ने पर नींबू पानी पीना फायदेमंद होता है. इस बात में कुछ हद तक सच्चाई भी है. यशोदा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. एम. शीतल कुमार का कहना है यूरिक एसिड की परेशानी से जूझ रहे मरीजों के लिए नींबू पानी का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है. लेकिन इसे सही समय पर और सही तरीके से पीना जरूरी है. कुछ रिसर्च में पाया गया है कि नींबू का रस पानी में मिलाकर पीने से यूरिक एसिड के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है. नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड और पर्याप्त पानी शरीर से यूरिक एसिड को बाहर निकालने की प्रक्रिया को समर्थन देते हैं.
यूरिक एसिड में सुबह पिएं नींबू का पानी
डॉ. कहते हैं कि यूरिक एसिड के मरीजों के लिए सुबह उठकर गुनगुने पानी में आधा या एक नींबू निचोड़कर पीना अच्छा माना जाता है. इससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है और किडनी यूरिक एसिड को बाहर निकालने में बेहतर काम कर पाती है. कई विशेषज्ञ सुबह के समय नींबू पानी पीने की सलाह देते हैं क्योंकि यह दिन की शुरुआत में शरीर को तरल पदार्थ प्रदान करता है.
यूरिक एसिड के मरीज खाने के बीच में भी पी सकते हैं नींबू पानी
डॉक्टर का कहना है कि अगर सुबह खाली पेट नींबू पानी नहीं पी पाते हैं, तो इसे भोजन के बीच में या दोपहर के समय भी लिया जा सकता है. इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती और यूरिक एसिड के क्रिस्टल बनने का खतरा कम हो सकता है.
यूरिक एसिड में नींबू पनी कैसे पीना चाहिए?
अगर आप यूरिक एसिड की परेशानी से जूझ रहे हैं, तो नींबू पानी पीना फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए एक गिलास सादे या गुनगुने पानी में आधा से एक नींबू निचोड़ लें. इसमें चीनी न मिलाएं, क्योंकि ज्यादा चीनी और मीठे ड्रिंक्स यूरिक एसिड बढ़ा सकते हैं. चाहें तो थोड़ा सा काला नमक मिला सकते हैं, लेकिन जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर है उन्हें नमक सीमित मात्रा में लेना चाहिए.
क्या नींबू पानी यूरिक एसिड का इलाज है?
डॉक्टर कहते हैं हर मरीज को ये समझना जरूरी होता है कि यूरिक एसिड में नींबू पानी कोई दवा नहीं है. ये सिर्फ शरीर के हाइड्रेशन को बढ़ाता है, जिससे यूरिक एसिड को निकालने में सपोर्ट मिल सकता है. अगर किसी व्यक्ति को यूरिक एसिड बहुत ज्यादा है या बार-बार गाउट अटैक आते हैं, तो डॉक्टर की ओर से दी गई दवाएं और संतुलित आहार का सेवन करना जरूरी होता है.
ये भी पढ़ें - यूरिक एसिड में कौन सी सब्जी नहीं खा सकते हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं