अगर आपके दांतों के बीच अक्सर खाना फंस जाता है और आप सोचते हैं कि ब्रश करने के बाद ये समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी, तो आप गलत हैं. गाजियबाद की डेंटिस्ट डॉ. स्मिता सिंह का कहना है कि दांतों में खाना फंसने पर अक्सर लोग इसे इग्नोर कर देते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि ये कॉमन है और अपने आप खाना निकल जाएगा. लेकिन आसा करना आपकी समस्याओं को बढ़ा सकता है.
वो कहती हैं कि दांतों में फंसा खाना बैक्टीरिया की ग्रोथ बढ़ाकर ओरल माइक्रोबायोम का बैलेंस बिगाड़ सकते हैं. इसका नतीजा सिर्फ बदबूदार सांस या मसूड़ों की परेशानी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लंबे समय में ये दांतों और मसूड़ों के इंफेक्शन का रिस्क भी बढ़ा सकता है. इसलिए इस छोटी सी दिखने वाली आदत को हल्के में लेना आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकती है. यहां जानते हैं इसकी वजह से होने वाली परेशानियां कौन-कौन सी हैं?
कैविटी का रहता है खतरा
डॉक्टर का कहना है कि दांतों के बीच फंसा खाना लंबे समय तक रहने पर बैक्टीरिया उसे तोड़ना शुरू कर देते हैं. इस प्रोसेस में एसिड बनता है, जो दांतों की ऊपरी परत यानी इनेमल को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में धीरे-धीरे ये कैविटी का कारण बन सकता है. अगर आप अपने दांतों को कैविटी से सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो खाना खाने के तुरंत बाद दांतों की सफाई करना बिल्कुल भी न भूलें. कोशिश करें कि हर खाने के बाद कुल्ला जरूर करें.
मसूड़ों में सूजन और संक्रमण
दांतों में फंसे हुए खाने को अगर आप इग्नोर करते हैं, तो इसकी वजह से मसूड़ों में सूजन और इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. ऐसी स्थिति में कुछ लोगों को दर्द और सूजन की परेशानी भी होने लगती है. डॉक्टर बताती हैं कि अगर समय पर सफाई न की जाए, तो जिंजिवाइटिस और पीरियडोंटल डिजीज जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं.
प्लाक की बढ़ सकती है समस्या
दांतों नें फंसे खाने खाने को अगर समय पर साफ नहीं किया गया, तो इसकी वजह से प्लाक की परेशानी बढ़ सकती है. वहीं, अगर प्लाक को समय पर साफ न किया जाए, तो ये टार्टर में बदल सकता है, जिसे सिर्फ डेंटिस्ट ही हटा सकते हैं. इसलिए अपने दांतों में फंसे महीन से खाने के टुकड़ों को नॉर्मल समझने की गलती न करें.
ध्यान रखें कि दांतों में फंसा खाना छोटी समस्या लग सकती है, लेकिन इसे इग्नोर करना कैविटी, मुंह की दुर्गंध, मसूड़ों से जुड़ी रेशानियों को जन्म दे सकता है. इसलिए खाना खाने के बाद अपने दांतों की क्लीनिंग अच्छे से करें.
ये भी पढ़ें - 10 रुपये में चमकाएं पीले दांत, दूर करें कील मुंहासे, स्किन करेगी ग्लो और होगी बचत ही बचत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं