मां बनना दुनिया की सबसे बड़ी खुशी है, ये सब कहते हैं. लेकिन कोई ये नहीं कहता कि मां बनने के बाद वो लड़की अंदर ही अंदर कितना टूट जाती है. रात-रात भर जागना, हर 2 घंटे में बच्चे को दूध पिलाना, अपने शरीर का दर्द, और ऊपर से लोगों के ताने. हाल ही में डॉ. रितेश मलिक ने अपनी इंस्टाग्राम रील में इसी कड़वी सच्चाई पर बात की है. उन्होंने कहा, इंडिया में प्रेग्नेंसी के बाद बॉडी शेमिंग करना अपराध होना चाहिए. क्योंकि एक नई मां को पहले ही पोस्टपार्टम डिप्रेशन से जूझना पड़ता है, ऊपर से लोगों के शब्द उसको और तोड़ देते हैं.
पोस्टपार्टम डिप्रेशन क्या होता है?
डिलीवरी के बाद हर नई मां को थोड़ा मूड खराब होना, रोना आना, थकान लगना आम बात है. इसको बेबी ब्लूज कहते हैं. ये 1-2 हफ्ते में ठीक हो जाता है. लेकिन अगर ये उदासी 2 हफ्ते से ज्यादा रहे, तो वो पोस्टपार्टम डिप्रेशन हो सकता है. ये कोई नखरा नहीं है, कोई ड्रामा नहीं है. ये एक बीमारी है. डिलीवरी के बाद शरीर में हार्मोन इतनी तेजी से बदलते हैं कि दिमाग पर असर पड़ता है. नींद पूरी नहीं होती, शरीर में कमजोरी आ जाती है, और ऊपर से बच्चे की जिम्मेदारी का डर. भारत में हर 5 में से 1 नई मां इस दौर से गुजरती है. लेकिन ज्यादातर लोग इसको समझते ही नहीं. कहते हैं, बच्चा हो गया तो खुश रहना चाहिए, रो क्यों रही हो? यही बात मां को सबसे ज्यादा चुभती है.
यहां देखें वीडियो-
पोस्टपार्टम डिप्रेशन के लक्षण क्या हैं?
1. बिना वजह रोना आना, हर समय उदास रहना
2. बच्चे से लगाव न होना, या बच्चे को देखकर गुस्सा आना
3. नींद न आना, या बहुत ज्यादा नींद आना
4. भूख खत्म हो जाना, या बहुत ज्यादा भूख लगना
5. खुद को बेकार समझना
6. किसी से बात करने का मन न करना, अकेले रहना
7. बार-बार डर लगना, बच्चे को कुछ हो जाएगा
8. खुद को नुकसान पहुंचाने का ख्याल आनाअगर आखिरी वाला लक्षण दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से मिलिए.
बॉडी शेमिंग कैसे बढ़ा देती है डिप्रेशन?
डॉ. मलिक ने अपनी रील में एक अपनी कहानी सुनाई. उनके बच्चे के जन्म के 3 महीने बाद, एक रिश्तेदार ने उनकी पत्नी से कहा अरे तुम तो बहुत मोटी हो गई हो. मेरी बेटी तो 2 महीने में ही पतली हो गई थी. तुम जिम ज्वाइन करो, तुम तो बहुत मोटी हो गई. उन्होंने कहा, वो एक छोटा सा कमेंट था, बोलने वाला बोलकर चला गया. लेकिन उनकी पत्नी उस बात को सोचती रही. वो बात उनकी पत्नी की हेल्थ पर बहुत बुरा असर डाल गई. यही होता है हर घर में. कोई कहता है कितनी मोटी हो गई, कोई कहता है पेट पर ये निशान कैसा, कोई कहता है बाल कितने झड़ गए, कोई कहता है पहले जैसी नहीं रही और सबसे दुख की बात, ये कमेंट ज्यादातर औरतें ही करती हैं. सास, ननद, बुआ, पड़ोस की आंटी. एक लड़की ने 9 महीने तक अपने शरीर में एक जान पाली है. उसका वजन बढ़ना, पेट पर निशान आना, बाल झड़ना, ये सब नॉर्मल है. इसको शर्म की बात बनाना सबसे बड़ा अत्याचार है.
ये भी पढ़ें- कोलेस्ट्रॉल टेस्ट से पता चलेगा मुंह का कैंसर, एम्स रिसर्च में खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं