विज्ञापन

Fat Burn Myths: सुबह खाली पेट एक्सरसाइज करना कितना सही? तेजी से घटेगा वजन या बिगड़ेगी सेहत?

क्या खाली पेट एक्सरसाइज करने से सच में वजन तेजी से कम होता है? जानिए इसके फायदे, नुकसान और एक्सपर्ट्स क्या सलाह देते हैं.

Fat Burn Myths: सुबह खाली पेट एक्सरसाइज करना कितना सही? तेजी से घटेगा वजन या बिगड़ेगी सेहत?
खाली पेट एक्सरसाइज कितना सही?
NDTV

आज के समय में वजन बढ़ना बहुत आम समस्या हो गई है. खराब खान-पान, घंटों बैठकर काम करना, कम चलना-फिरना और बिगड़ी हुई दिनचर्या की वजह से बड़ी संख्या में लोग अपने बढ़ते वजन को लेकर परेशान हैं. ऐसे में लोग वजन कम करने के लिए डाइट के साथ-साथ एक्सरसाइज का सहारा लेते हैं, खासकर सुबह के समय वर्कआउट करना काफी लोगों को पसंद होता है.  

कुछ लोग सुबह उठते ही बिना कुछ खाए जिम या पार्क पहुंच जाते हैं. उनका मानना होता है कि खाली पेट एक्सरसाइज करने से शरीर ज्यादा चर्बी कम करता है और वजन जल्दी कम होता है, लेकिन क्या ये सही है?

खाली पेट एक्सरसाइज कर सकते हैं?

दरअसल, वजन कम करने के लिए पूरे दिन में आप कितनी कैलोरी लेते हैं, कितनी ऊर्जा खर्च करते हैं, आपकी डाइट कैसी है और आप कितनी नियमितता से एक्सरसाइज करते हैं,  इन सभी चीजों की अहम भूमिका होती है. इसलिए केवल खाली पेट वर्कआउट को वजन कम करने का आसान तरीका समझना सही नहीं है.

अगर आप सुबह उठकर बिना कुछ खाए एक्सरसाइज करते हैं, तो आपको जल्दी थकान महसूस हो सकती है. रात के खाने के बाद सुबह तक शरीर को कई घंटे तक खाना नहीं मिलता. ऐसे में अगर इसके तुरंत बाद आप तेज दौड़ना, भारी वजन उठाना या हैवी एक्सरसाइज शुरू कर देते हैं, तो शरीर को पर्याप्त ऊर्जा देने में समस्या हो सकती है.

कुछ लोगों को खाली पेट एक्सरसाइज करते समय कमजोरी, सिर घूमने या बेचैनी जैसी परेशानी भी होती है. खासकर अगर उन्होंने पर्याप्त पानी का सेवन नहीं किया है या एक्सरसाइज बहुत ज्यादा तेज है. ऐसे समय में शरीर के संकेतों को नजरअंदाज करके वर्कआउट करते रहना ठीक नहीं है. अगर एक्सरसाइज के दौरान चक्कर आए, बहुत कमजोरी लगे या तबीयत खराब महसूस हो तो तुरंत रुक जाना चाहिए.

खाली पेट एक्सरसाइज करने से वजन कम होता है?

एक्सरसाइज के दौरान खाली पेट शरीर फैट को ऊर्जा के लिए इस्तेमाल करता है, लेकिन इससे वजन कम नहीं होता.

वजन कम करते समय एक और जरूरी बात, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज करते हैं, वो है मांसपेशियां. अगर कोई व्यक्ति बहुत कम खाना खाता है और लगातार एक्सरसाइज करता है, तो वजन कम होने के साथ मांसपेशियां भी कम हो सकती हैं. इसलिए वजन घटाने के दौरान पर्याप्त प्रोटीन और सही मात्रा में खाना लेना जरूरी है साथ ही वजन उठाने वाली एक्सरसाइज भी शरीर को मजबूत बनाए रखने में मदद करती है.

सबसे जरूरी बात यह है कि वजन घटाने के लिए किसी एक तरीके पर निर्भर रहने के बजाय पूरी दिनचर्या पर ध्यान देना चाहिए. संतुलित खाना, पर्याप्त प्रोटीन, नियमित एक्सरसाइज, अच्छी नींद और पर्याप्त पानी वजन कम करने में मददगार होते हैं.

इसे भी पढ़ें: आपके नाखून आपकी सेहत के बारे में क्या बताते हैं? US के डॉक्टर ने बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weight Loss Tips, Empty Stomach Workout, Empty Stomach Workout For Fat Loss, Fat Loss, Workout Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com