Bheegi Kismish Khane Ke Fayde: ड्राई फ्रूट्स का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. अगर इन्हें सही समय और सही तरीके से खाया जाए. अगर आप अपने दिन की शुरुआत सही तरीके से करते हैं, तो आपका शरीर दिनभर एक्टिव रहता है. आयुर्वेदाचार्य और योग गुरु प्रो. डॉ. राम अवतार बताते हैं कि अगर आप रोजाना सुबह खाली पेट भीगी हुई किशमिश खाते हैं, तो यह आपकी सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. किशमिश को आप डाइट में कई तरह से शामिल कर सकते हैं.
अक्सर लोग सूखे मेवे तो खाते हैं, लेकिन किशमिश को भिगोकर खाने के जो फायदे हैं, उनके बारे में कम ही जानते हैं. आइए जानते हैं कि रोज सुबह खाली पेट भीगी किशमिश खाने से आपके शरीर में क्या-क्या बदलाव आते हैं.
10-15 किशमिश (लगभग 20 ग्राम) में-
- कैलोरी: 60 kcal
- कार्बोहाइड्रेट: 16 g
- फाइबर: 1 g
- आयरन: 0.35 mg
- पोटैशियम: 150 mg

खाली पेट भीगी किशमिश खाने के फायदे- (Kismish Khane Ke Fayde)
1. पेट के लिए-
अगर आपको सुबह पेट साफ न होने या कब्ज (constipation) की परेशानी रहती है, तो भीगी किशमिश आपके लिए बहुत फायदेमंद है. डॉ. राम अवतार के अनुसार, किशमिश में काफी फाइबर (fiber) होता है. जब आप इसे रातभर पानी में भिगोते हैं, तो यह आसानी से पच जाती है.
2. खून की कमी-
किशमिश में आयरन और विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स काफी अच्छी मात्रा में पाया जाता है. खाली पेट भीगी किशमिश खाने से शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं तेजी से बनती हैं, जिससे एनीमिया यानी खून की कमी की शिकायत दूर होती है.
3. एनर्जी-
अगर आप सुबह उठते ही थकान या कमजोरी महसूस करते हैं, तो किशमिश का सेवन जरूर करें. किशमिश में नेचुरल शुगर होती है. जब आप इसे सुबह खाते हैं, तो यह शरीर को तुरंत एनर्जी देती है.
4. ब्लड प्रेशर-
भीगी हुई किशमिश में पोटैशियम भरपूर मात्रा में होता है. पोटैशियम हमारे शरीर में सोडियम यानी नमक के असर को बैलेंस करने में मदद करता है. डॉ. राम अवतार बताते हैं कि जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत रहती है, उनके लिए सुबह भीगी किशमिश खाना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है.
किशमिश खाने का सही तरीका क्या है?
डॉ. राम अवतार के अनुसार, किशमिश का पूरा फायदा उठाने के लिए इसे सही तरीके से खाना बेहद जरूरी है.
- कितनी किशमिश लें- रात को लगभग 8 से 10 साफ किशमिश लें.
- कैसे भिगोएं- इन्हें एक कप साफ पानी में भिगोकर रख दें.
- खाने का सही समय- सुबह उठकर सबसे पहले किशमिश को अच्छे से चबा-चबाकर खाएं.
- पानी भी पिएं- जिस पानी में किशमिश भिगोई थी, उसे फेंकें नहीं, बल्कि छानकर पी लें. इस पानी में भी किशमिश के सारे गुण आ जाते हैं.
नोट-
अगर आप शुगर के मरीज हैं, तो इसका सेवन करने से पहले एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
एक्सपर्ट शॉर्ट बायो:
डॉ. राम अवतार दिल्ली सरकार के योग विभाग के सेवानिवृत्त प्रोजेक्ट ऑफिसर हैं. उनके पास योग और ध्यान (Yoga & Meditation) के क्षेत्र में 38 से अधिक वर्षों का दीर्घकालिक और व्यावहारिक अनुभव है. वे योग, प्राणायाम, ध्यान, नाड़ी विज्ञान, जड़ी-बूटी/पारंपरिक चिकित्सा, प्राकृतिक चिकित्सा (Naturopathy), रेकी, होम्योपैथी और आयुर्वेद के माध्यम से कई जटिल एवं असाध्य रोगों का सफल इलाज कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें- 21 दिन तक सुबह खाली पेट लौंग का पानी पीने के बड़े फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
