बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं अपने साथ कई परेशानियां भी लेकर आता है. बारिश शुरू होते ही घरों के आसपास पानी भरने लगता है और इसी के साथ सांप, बिच्छू, कनखजूरा, मकड़ियां, कॉकरोच, चूहे और मच्छरों जैसे जीव-जंतु भी सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की ओर रुख करने लगते हैं.
अक्सर लोगों को लगता है कि केवल ग्राउंड फ्लोर पर रहने वालों को ही इस समस्या का सामना करना पड़ता है, लेकिन ऐसा नहीं है. ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग भी इससे पूरी तरह सुरक्षित नहीं होते. ये जीव कभी बाथरूम की पाइपलाइन के रास्ते तो कभी घर की शाफ्ट या दीवारों की दरारों के जरिए अंदर पहुंच जाते हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि अगर ये घर में घुस आएं तो इनसे कैसे बचा जाए और इन्हें बाहर कैसे निकाला जाए?
यहां देखिए वीडियो...
बारिश में क्यों बढ़ जाती है कीड़े-मकोड़ों की परेशानी?
बारिश के दौरान जमीन में बने बिलों और छिपने की जगहों में पानी भर जाता है. ऐसे में सांप, बिच्छू और दूसरे कीड़े-मकोड़े सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में निकल पड़ते हैं. घरों के कोने, स्टोर रूम, बाथरूम और खिड़की-दरवाजों के आसपास की जगहें इनके लिए छिपने का आसान ठिकाना बन जाती हैं.
यही वजह है कि मानसून के दिनों में लोगों को घर के अंदर अचानक कनखजूरा, मकड़ी या बिच्छू दिखाई देने लगते हैं. कई बार इनके काटने का डर भी बना रहता है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि अगर इनमें से कोई जीव काट ले तो क्या करना चाहिए.
बिच्छू काट ले तो क्या करें?
- अगर बिच्छू काट ले तो सबसे पहले प्रभावित जगह को साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धो लें.
- इसके बाद वहां बर्फ की सिकाई करें ताकि दर्द और सूजन कम हो सके.
- सबसे जरूरी बात यह है कि बिना देर किए डॉक्टर के पास जाएं.
सांप काट ले तो क्या करें?
- कई मामलों में सांप काटने पर वह जहर नहीं छोड़ता, जिसे "ड्राई बाइट" कहा जाता है.
- हालांकि यह पता लगाना आसान नहीं होता कि जहर गया है या नहीं.
- इसलिए घबराने की बजाय व्यक्ति को शांत रखें, काटे गए हिस्से को ज्यादा हिलने-डुलने न दें और तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच करवाएं.
कनखजूरा काट ले तो क्या करें?
- अगर कनखजूरा काट ले तो घाव को तुरंत साबुन और पानी से साफ करें.
- इसके बाद बर्फ से सिकाई करने से दर्द और जलन में राहत मिल सकती है.
- अगर परेशानी बढ़े तो डॉक्टर से संपर्क करें.
अगर कनखजूरा कान में घुस जाए तो क्या करें?
- अगर कनखजूरा या कोई छोटा कीड़ा कान में घुस जाए तो घबराएं नहीं.
- ऐसे मामलों में गुनगुने पानी में थोड़ा सेंधा नमक मिलाकर कान में डालने से राहत मिल सकती है.
- कीड़ा बाहर न निकले या दर्द बढ़ जाए तो तुरंत डॉक्टर की मदद लें.
इसे भी पढ़ें: मुंह के छालों से हैं परेशान? नमक, शहद और नारियल तेल जैसे ये 5 घरेलू उपाय दिला सकते हैं राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं