सांप का नाम सुनते ही लोगों के मन में डर बैठ जाता है. खासकर ब्लैक कोबरा जैसे जहरीले सांप के काटने पर समय पर इलाज नहीं मिलने से जान का खतरा भी हो सकता है. चूरू में इन दिनों ब्लैक कोबरा का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है. राजकीय भर्तिया अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, जिले में हर सप्ताह करीब 3 से 4 स्नेक बाइट के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसा ही मामला रामगढ़ से सामने आया, यहां 55 वर्षीय मो. सलीम फार्म हाउस पर गए हुए थे. इसी दौरान उन्हें जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया. सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी.
परिजन उन्हें पहले रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय भर्तिया अस्पताल, चूरू रेफर कर दिया गया. फिलहाल मरीज का इलाज अस्पताल के MICU वार्ड में जारी है.
सांप को भी अस्पताल ले गए
परिजनों ने बताया कि मरीज को अस्पताल ले जाने से पहले उन्होंने काटने वाले कोबरा का रेस्क्यू किया, और उसे एक डिब्बे में बंद कर मरीज के साथ राजकीय भर्तिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड लेकर पहुंचे, जिससे चिकित्सकों को सांप की पहचान कराने में आसानी हो सके.

डब्बे में सांप को भरकर अस्पताल पहुंचे.
"हर सांप जहरीला नहीं होता"
राजकीय भर्तिया अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अजीत गढ़वाल ने बताया कि सभी सांप जहरीले नहीं होते हैं. अक्सर लोग डर और अज्ञानता के कारण सांप को मार देते हैं, जबकि, अधिकांश मामलों में ऐसा करना आवश्यक नहीं होता. उन्होंने कहा कि सांप काटने की स्थिति में घबराने के बजाय मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी है.
"सांप को लाना जरूरी नहीं"
राजकीय भर्तिया अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप कसवा ने लोगों से अपील की कि काटने वाले सांप का रेस्क्यू कर उसे अस्पताल लाना जरूरी नहीं है. उन्होंने बताया कि कई बार लोग चिकित्सकों को दिखाने के लिए सांप पकड़ने की कोशिश करते हैं, जिससे दूसरा व्यक्ति भी स्नेक बाइट का शिकार हो सकता है. उन्होंने कहा कि चिकित्सक मरीज के लक्षणों के आधार पर बिना सांप को देखे भी प्रभावी उपचार करने में सक्षम हैं.
चिकित्सकों की अपील
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें. मरीज को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, और सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश से बचें, क्योंकि इससे एक और हादसा हो सकता है.
यह भी पढ़ें: भरतपुर में JCB की खुदाई से फटी हाई प्रेशर गैस पाइपलाइन, 22 CNG स्टेशन की सप्लाई बंद करनी पड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं