DIY Coconut Oil Homemade Lip Balm: बदलते मौसम, प्रदूषण और बाकी कारणों से होंठ जल्दी रूखे और फटने लगते हैं. ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाले लिप बाम का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन बाजार वाले लिप बाम में केमिकल होने के कारण इससे साइड इफेक्ट्स भी देखने को मिलते हैं. ऐसे में अगर आप भी अपने होंठों को मुलायम बनाना चाहते हैं तो कुछ घरेलू नुस्खे बेहद कारगर साबित हो सकते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको घर पर नारियल तेल का लिप बाम बनाने का तरीका बताने जा रहे हैं. इससे होंठ लंबे समय तक मॉइस्चराइज रहेंगे और त्वचा भी मुलायम हो जाएगी. इसकी जानकारी @skinherblab नाम के यूट्यूब चैनल से शेयर की गई है.
नेचुरल लिप बाम बनाने के लिए जरूरी चीजें
- नारियल तेल
- बीवैक्स
- साफ और सूखा कंटेनर या लिप बाम ट्यूब
कैसे बनाएं?
इस लिपबाम को बनाना बहुत ही ज्यादा आसान है. इसके लिए सबसे पहले बीवैक्स को कद्दूकस करके छोटे-छोटे टुकड़ों में कर लें ताकि वह जल्दी पिघल सके. अब डबल बॉयलर प्रोसेस का इस्तेमाल करें. यानी एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर दूसरा बर्तन रखकर उसमें बीवैक्स और नारियल तेल डालें. फिर मिश्रण को धीमी आंच पर पिघलने दें और बीच-बीच में चलाते रहें. ध्यान रखें कि बीवैक्स को सीधे गैस पर न पिघलाएं, क्योंकि इसमें मौजूद तेल और मोम गर्म होने पर जल सकते हैं. जब मिश्रण पूरी तरह पिघल जाए तो उसे साफ कंटेनर या लिप बाम ट्यूब में भर दें. इसे 30 से 45 मिनट तक ठंडा होने दें. जमने के बाद आपका लिप बाम इस्तेमाल के लिए तैयार है.
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक केतली कैसे साफ करें? क्या इलेक्ट्रिक केतली को धोया जा सकता है, जानिए यहां
स्टोर करने के लिए जरूरी टिप्स
- लिप बाम भरने से पहले कंटेनर को अच्छी तरह साफ करें.
- लिप बाम को स्टोर करने के लिए कांच या स्टील के कंटेनर का इस्तेमाल करें.
- सही तरीके से स्टोर करने पर ये लगभग 1 से 1.5 साल तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
क्यों फायदेमंद है नारियल तेल?
नारियल तेल में मौजूद लॉरिक एसिड, फैटी एसिड और ट्राइग्लिसराइड्स होंठों को मुलायम और स्मूद बनाए रखने में मदद करते हैं. ये स्किन की गहराई तक पहुंचकर नमी प्रदान करता है और होंठों को रूखेपन, पपड़ी और फटने से बचाता है.
बीवैक्स क्यों मिलाया जाता है?
बीवैक्स यानी मधुमक्खी के छत्ते से मिलने मोम, लिप बाम को शेप और स्थिरता देता है. ये होंठों के ऊपर एक हल्की प्रोटेक्टिव लेयर बनाता है, जिससे नमी आसानी से बाहर नहीं निकलती. इसके अलावा, ये नारियल तेल को होंठों पर लंबे समय तक टिके रहने में मदद करता है, जिससे लिप्स मॉइस्चराइज रहते हैं.
यह भी पढ़ें: पीले-गंदे तकिये को कैसे साफ करें? जानिए बिना वॉशिंग मशीन के तकिए को साफ करने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें: बिना साबुन और डिटर्जेंट के सिर्फ 1 टैबलेट से साफ करें जिद्दी मैले कपड़े, जानें वायरल नुस्खा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं