सर्दियों में शरीर को गर्म रखने और भरपूर ताकत देने वाली चीजों की बात हो तो गुड़ का दलिया सबसे बेहतर विकल्पों में से एक है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होता है. आमतौर पर गुड़ वाला दलिया तो कई घरों में बनाया जाता है, लेकिन अगर इसमें मूंग दाल, मखाना और ड्राई फ्रूट्स का तड़का लगा दिया जाए तो इसका स्वाद और भी शानदार हो जाता है. यही वजह है कि यह रेसिपी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. खास बात यह है कि इसमें दूध की जरूरत नहीं पड़ती, फिर भी इसका स्वाद किसी रिच मिठाई से कम नहीं लगता. आइए जानते हैं यूट्यूब चैनल Eat Yammiecious की खास गुड़ वाला दलिया रेसिपी.
वीडियो में रेसिपी देखें...
सर्दियों में गुड़ का दलिया कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
दलिया - 3/4 कप
पीली मूंग दाल - 1/4 कप
गुड़ का पाउडर - 1 कप
देसी घी - 1/3 कप
बादाम - 8-10
काजू - 8-10
सूखा नारियल - 2 बड़े चम्मच
मखाना - 1 कप
इलायची पाउडर - 1 छोटा चम्मच
जायफल - चुटकीभर
मिल्क पाउडर - 2 बड़े चम्मच
पानी - 3 कप
बनाने की विधि
सबसे पहले प्रेशर कुकर में 1 बड़ा चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें बादाम, काजू और पतले कटे हुए सूखे नारियल को हल्का सुनहरा होने तक भून लें और निकाल लें. अब उसी घी में मखाना डालकर कुरकुरा होने तक भूनें और इन्हें भी अलग रख दें.
इसके बाद कुकर में बचा हुआ घी डालें. धुली और सूखी हुई मूंग दाल डालकर 2 से 3 मिनट धीमी आंच पर भूनें. जब दाल से हल्की खुशबू आने लगे तो इसमें दलिया डाल दें. दलिया और दाल को साथ में अच्छी तरह भूनें, जब तक उनका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए.
अब इसमें 2 कप पानी डालें. कुकर का ढक्कन लगाएं और मीडियम फ्लेम पर 3 सीटी आने तक पकाएं. इस बीच एक पैन में गुड़ और 1 कप पानी डालकर गर्म करें. गुड़ पूरी तरह घुल जाए तो गैस बंद कर दें. चाशनी नहीं बनानी है, सिर्फ गुड़ का पानी तैयार करना है.
जब कुकर का प्रेशर निकल जाए तो दलिया और दाल को चेक करें. दोनों अच्छी तरह नरम हो जाने चाहिए. इसके बाद गुड़ का पानी छानकर कुकर में डालें और अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि दलिया पूरी तरह पकने के बाद ही गुड़ डालें, वरना दाने सख्त रह सकते हैं.
अब इसमें जायफल, इलायची पाउडर, भुने हुए ड्राई फ्रूट्स और मखाने डाल दें. आखिर में 2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर मिलाएं. यह ट्रिक दलिया को मावे जैसा स्वाद देती है और इसका टेस्ट कई गुना बढ़ा देती है. 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जब दलिया गाढ़ा और दानेदार हो जाए, तब गैस बंद कर दें. गरमागरम गुड़ का दलिया तैयार है. ठंडी सुबह या शाम में इसका स्वाद और भी ज्यादा मजेदार लगता है.
ये भी पढ़ें - मेथी प्याज का लच्छा पराठा ऐसा कि खाते ही जाओगे, बच्चे भी 1 की जगह खा जाएंगे 2-4 पराठे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं