विज्ञापन

नींद पूरी के बावजूद सिर भारी, चिड़चिड़ापन और सुस्ती? डॉक्टर ने बताई वजह

पूरी नींद के बाद भी सुबह सिर भारी रहता है? जानिए डॉक्टर के मुताबिक इसके 5 बड़े कारण और इससे बचने के आसान घरेलू उपाय.

नींद पूरी के बावजूद सिर भारी, चिड़चिड़ापन और सुस्ती? डॉक्टर ने बताई वजह
सिर दर्द क्यों होता है?
NDTV

अगर आप रात को 7-8 घंटे की बढ़िया नींद लेते हैं और फिर भी सुबह आंख खुलते ही भारी सिरदर्द महसूस होता है, तो यह अकेले आपकी समस्या नहीं है. बहुत से लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि जब नींद पूरी ले ली तो फिर सिर भारी क्यों लग रहा है? अकसर लोग सोचते हैं कि शायद नींद अधूरी रह गई होगी या फिर थकावट की वजह से ऐसा हो रहा है. लेकिन हर बार वजह सिर्फ नींद की कमी नहीं होती.

कई बार हमारी कुछ अनजानी आदतें, सोने का तरीका या शरीर के अंदर चल रही छोटी-मोटी परेशानियां भी सुबह के सिरदर्द की वजह बन जाती हैं. आइए समझते हैं कि आखिर ऐसा क्यों होता है और डॉक्टर इस बारे में क्या सलाह देते हैं.

सुबह सिरदर्द होने के कारण

पानी की कमी या डिहाइड्रेशन:

रात को सोते समय हम 7 से 8 घंटे तक पानी नहीं पीते हैं. अगर आपने सोने से पहले भी कम पानी पिया था या दिनभर में पानी की मात्रा कम रही, तो सुबह उठते ही डिहाइड्रेशन की वजह से सिर में तेज दर्द या भारीपन महसूस हो सकता है.

सही तकिया और सोने की पोजीशन न होना:

क्या आपका तकिया बहुत ज्यादा मोटा या बहुत पतला है? अगर सोते समय आपकी गर्दन सही पोजीशन में नहीं रहती, तो गर्दन की मांसपेशियों में खिंचाव आ जाता है. यही खिंचाव सुबह उठने पर सिरदर्द बनकर सामने आता है.

दांत भींचने की आदत या ब्रक्सिज्म

कई लोगों को रात में सोते समय अनजाने में अपने दांत पीसने या भींचने की आदत होती है. इसे मेडिकल भाषा में ब्रक्सिज्म कहते हैं. रात भर जब जबड़े की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है, तो सुबह उठकर सिर और कनपटी के आसपास दर्द महसूस होने लगता है.

चाय-कॉफी की लत या कैफीन विड्रॉल

अगर आपको दिनभर में कई कप चाय या कॉफी पीने की आदत है, तो रात भर शरीर को कैफीन नहीं मिलता. ऐसे में सुबह उठते ही शरीर कैफीन की मांग करता है और जब तक आपको सुबह की कड़क चाय या कॉफी नहीं मिलती, तब तक सिर भारी रहता है.

स्लीप एपनिया या खर्राटे लेना

अगर आप रात में बहुत तेज़ खर्राटे लेते हैं या सोते समय आपकी सांस बार-बार कुछ सेकंड के लिए अटकती है, तो शरीर को सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिल पाती. ऑक्सीजन का स्तर कम होने की वजह से सुबह उठते ही सिर में भारीपन और दर्द की शिकायत होती है.

तनाव और दिमागी सोच

कई बार भले ही आप बिस्तर पर 8 घंटे लेटे रहें, लेकिन दिमाग में पुरानी बातें या कल की चिंताएं घूमती रहती हैं. इस मानसिक तनाव के कारण नींद तो आ जाती है लेकिन दिमाग को असली आराम नहीं मिल पाता, जिससे सुबह उठते ही सिरदर्द होने लगता है.

सुबह के सिरदर्द से राहत पाने के आसान उपाय

  1. सोने से पहले और उठते ही पानी पीएं
  2. सही तकिया चुनें
  3. रात का खाना हल्का रखें
  4. चाय और कॉफी पर थोड़ा कंट्रोल करें
  5. हल्का व्यायाम और स्ट्रेचिंग

डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?

वैसे तो कभी-कभार होने वाला सिरदर्द सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर यह आपकी रोज की कहानी बन चुका है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. अगर सिरदर्द के साथ-साथ आपको उल्टी जैसा महसूस हो, आंखों के आगे धुंधलापन आए, चक्कर आएं या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत किसी अच्छे डॉक्टर से संपर्क करें. यह किसी अंदरूनी समस्या जैसे हाई ब्लड प्रेशर या स्लीप एपनिया का संकेत हो सकता है.

इसे भी पढ़ें: बढ़ती उम्र में भी चेहरा दिखेगा जवां, रोज करें ये एक आसान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Headache Causes, Dehydration, Headache And Migraine Difference, Sir Dard Hone Ke Karan, Sir Dard Ka Gharelu Upchar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com