Kis Vitamin Ki Kami Se Baal Jyada Jhadte Hain: आजकल बाल झड़ने की समस्या इतनी आम हो गई है कि हर दूसरा इंसान इससे परेशान नजर आता है. सुबह सोकर उठो तो तकिए पर बाल, कंघी करो तो गुच्छे बाहर. कई बार लोग महंगे तेल, शैम्पू और सीरम पर हजारों रुपये खर्च कर देते हैं, लेकिन फिर भी बालों का गिरना बंद नहीं होता. असल में हम ऊपर से तो बहुत कुछ लगाते हैं, पर अंदरूनी सेहत पर ध्यान नहीं देते. बालों की जड़ें हमारे शरीर के पोषण से जुड़ी होती हैं. डॉ. राधिका रहेजा कहती हैं, "महिलाओं में Hair Fall के पीछे आयरन की कमी सबसे आम कारणों में से एक है.
आजकल बाल झड़ने की समस्या इतनी आम हो गई है कि हर दूसरा इंसान इससे परेशान नजर आता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाल झड़ने का कारण हमेशा शैंपू, तेल या मौसम नहीं होता? कई मामलों में इसके पीछे शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी जिम्मेदार हो सकती है.
फरीदाबाद के सेक्टर में स्थित रेडिकल स्किन एंड हेयर क्लिनिक की जानी-मानी डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. राधिका रहेजा (Dr Radhika Raheja) का मानना है कि ज्यादातर मामलों में बाल झड़ने का असली कारण शरीर में जरूरी न्यूट्रिएंट्स की कमी होता है. जब तक उस अंदरूनी कमी को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक कोई भी महंगा प्रोडक्ट बालों को टूटने से नहीं बचा सकता.
आइए समझते हैं कि आखिर शरीर में किस चीज की कमी से बाल इतनी तेजी से झड़ने लगते हैं और इससे कैसे बचा जाए.
शरीर में इन जरूरी चीजों की कमी बनती है बाल झड़ने का कारण
1. आयरन और हीमोग्लोबिन की कमी
महिलाओं में बाल झड़ने का सबसे बड़ा कारण आयरन की कमी यानी एनीमिया होता है. जब शरीर में आयरन कम होता है, तो लाल रक्त कोशिकाएं बालों की जड़ों तक पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषण नहीं पहुचा पातीं. इससे बालों के फॉलिकल्स कमजोर हो जाते हैं और बाल तेजी से पतले होकर टूटने लगते हैं.
डॉ. राधिका रहेजा बताती हैं, "महिलाओं में बाल झड़ने का कारण अक्सर आयरन की कमी और लो फेरिटिन लेवल होता है. इसलिए लगातार Hair Fall होने पर ब्लड टेस्ट करवाना जरूरी है."
2. विटामिन डी (Vitamin D) का कम होना
हममें से बहुत से लोग धूप में निकलना बंद कर चुके हैं. जो लोग लंबे समय तक घर के अंदर रहते हैं, उनमें Vitamin D Deficiency अपेक्षाकृत ज्यादा देखने को मिलती है. विटामिन डी नए हेयर फॉलिकल्स बनाने में मदद करता है. जब शरीर में इसका स्तर बहुत नीचे गिर जाता है, तो नए बाल उगना बंद हो जाते हैं और पुराने बाल तेजी से झड़ने लगते हैं. अगर आपको लगातार थकान और बदन दर्द के साथ बाल गिरने की शिकायत है, तो विटामिन डी जरूर चेक कराएं.
3. बायोटिन और विटामिन बी-12
बायोटिन (विटामिन B7) बालों में केराटिन के उत्पादन को बढ़ाता है, जिससे बाल मजबूत होते हैं. वहीं विटामिन बी-12 बालों की जड़ों को पोषण देने के लिए जरूरी है. शाकाहारी लोगों में अक्सर बी-12 की कमी देखी जाती है, जिससे बाल बहुत ज्यादा रूखे, बेजान और कमजोर होकर गिरने लगते हैं.
डॉ. रहेजा के मुताबिक, "अगर Hair Fall के साथ थकान, कमजोरी और शरीर में दर्द भी महसूस होता है, तो बाल झड़ने का कारण Vitamin D Deficiency हो सकती है."
4. प्रोटीन की कमी
कई लोग पर्याप्त प्रोटीन नहीं लेते, जिसका असर बालों की गुणवत्ता पर पड़ सकता है. हमारे बाल 80 से 90 प्रतिशत प्रोटीन (केराटिन) से बने होते हैं. अगर आपकी रोजमर्रा की डाइट में दालें, पनीर, अंडे या सही मात्रा में प्रोटीन नहीं है, तो शरीर बालों को मिलने वाला प्रोटीन रोककर जरूरी अंगों को भेजने लगता है. नतीजा यह होता है कि बाल तेजी से पतले होने लगते हैं.
5. जिंक और फोलिक एसिड
जिंक बालों के टिशूज की मरम्मत और ग्रोथ के लिए बहुत जरूरी मिनरल है. इसकी कमी से सिर की त्वचा पर रूखापन बढ़ जाता है और बाल जड़ों से ढीले पड़कर गिरने लगते हैं.
डॉ. रहेजा बताती हैं, "कई मरीजों में बाल झड़ने का कारण केवल एक नहीं बल्कि कई न्यूट्रिएंट्स की संयुक्त कमी होती है. इसलिए सही जांच के बाद ही सप्लीमेंट शुरू करना चाहिए."
American Academy of Dermatology के अनुसार, आयरन, Vitamin D, Zinc और Protein की कमी कुछ लोगों में बाल झड़ने से जुड़ी हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बाल झड़ने का कारण पोषण संबंधी कमी है, तो केवल हेयर प्रोडक्ट बदलने से फायदा नहीं मिलेगा. खानपान और जरूरी जांच पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है.
बालों का झड़ना रोकने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
अगर आपके बाल भी लगातार गिर रहे हैं, तो बिना देर किए अपनी लाइफस्टाइल और खानपान में कुछ जरूरी बदलाव करें:
- खून की जांच जरूर कराएं: खुद से कोई भी सप्लीमेंट शुरू करने से पहले एक बार सीबीसी (CBC), फेरिटिन, विटामिन डी और बी12 का टेस्ट करा लें ताकि पता चले कि असल में किस चीज की कमी है.
- डाइट में शामिल करें पौष्टिक चीजें: हरी पत्तेदार सब्जियां, पालक, चुकंदर, मौसमी फल, सूखे मेवे जैसे बादाम-अखरोट, कद्दू के बीज और अलसी को अपनी रोज की डाइट का हिस्सा बनाएं.
- गीले बालों में कंघी न करें: जब बाल गीले होते हैं तो उनकी जड़ें सबसे ज्यादा नाजुक होती हैं. गीले बालों में मोटे दांतों वाली कंघी का ही इस्तेमाल करें और जोर से तौलिया न रगड़ें.
- बहुत ज्यादा हीटिंग टूल्स से बचें: ब्लो ड्रायर, स्ट्रेटनर और केमिकल्स वाले हेयर ट्रीटमेंट्स बालों को अंदर से डैमेज कर देते हैं. इनका इस्तेमाल जितना कम हो उतना बेहतर है.
- सही पानी का इस्तेमाल: कई बार खारे या हार्ड वाटर की वजह से भी बाल झड़ने लगते हैं. अगर आपके इलाके में पानी बहुत भारी है, तो बाल धोने के लिए फिल्टर वाले पानी का इस्तेमाल करें.
डॉक्टर से कब मिलना जरूरी है?
रोजाना 50 से 100 बाल गिरना सामान्य माना जाता है. लेकिन अगर आपके बाल गुच्छों में निकल रहे हैं, सिर पर कहीं-कहीं गोल चकत्ते (पैचेस) दिखने लगे हैं या मांग बहुत चौड़ी होने लगी है, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें. तुरंत किसी अच्छे स्किन और हेयर एक्सपर्ट से संपर्क करें ताकि सही समय पर सही इलाज शुरू हो सके. सही पोषण और थोड़ी सी देखभाल से बालों को दोबारा घना और मजबूत बनाया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं