हमारे घरों के आसपास कई ऐसी जड़ी-बूटियां मौजूद होती हैं, जिनका इस्तेमाल लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में किया जाता रहा है. इन्हीं में से एक है हड़जोड़. नाम से ही स्पष्ट है कि इसे हड्डियों के स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जाता है. पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में इसका इस्तेमाल टूटी हुई हड्डियों की रिकवरी में किया जाता है. इंस्टाग्राम पर डॉ. रॉबिन शर्मा ने अपने ऑफिशियल आईडी @dr.sharmarobin इससे जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी शेयर की. उन्होंने बताया कि जिस बेल को हम बेकार समझकर फेंक देते हैं, वो एक हड्डी जोड़ने वाली जड़ी-बूटी है. कहा जाता है कि सदियों से इसका इस्तेमाल हड्डियों की देखभाल और टूट-फूट के बाद रिकवरी में सहायक के रूप में किया जाता रहा है. यहां जानते हैं इस खास जड़ी-हूटी के बारे में विस्तार से-
विदेशों में भी बढ़ रही मांग
डॉक्टर रोबिन कहते हैं कि जिस बेल को कई लोग सामान्य पौधा समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, उसकी इंटरनेशनल मार्केट में भी अच्छी मांग है. उनका कहना है कि हड़जोड़ का करीब 70 ग्राम का पैक 1500 से 2000 रुपये तक में बिकता है. यही वजह है कि आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स के बाजार में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है.
हड़जोड़ क्या है?
डॉ. रॉबिन का कहना है कि हड़जोड़ एक औषधीय बेल है, जिसका नाम ही इसके गुणों की ओर इशारा करता है. आयुर्वेद में इसे हड्डियों से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में प्रभावी माना जाता है. आज भी हमारे देश के ग्रामीण इलाकों में इसका इस्तेमाल काफी ज्यादा किया जाता है. इसका इस्तेमाल हड्डियों को जोड़ने में किया जाता है.
हालांकि, डॉक्टर कहते हैं कि अगर हड्डी टूट गई है, तो सिर्फ हड़जोड़ पर निर्भर रहना सही नहीं है. ऐसी स्थिति में प्लास्टर और डॉक्टर की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों को फॉलो करें.
हड़जोड़ की पहचान कैसे करें?
हड़जोड़ की पहचान उसकी चौकोर आकार वाली बेल से की जाती है. इसके डंठल पर गांठें होती हैं, जो इसे दूसरी सामान्य बेलों से अलग बनाती हैं. आयुर्वेदिक जानकार इसे आसानी से पहचान लेते हैं.
कैसे करें सेवन?
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट का कहना है कि हड़जोड़ को कच्चा नहीं खाना चाहिए. इसका डंठल छीलकर पहले घी में भून लिया जाता है, फिर इसकी चटनी बनाकर सेवन किया जाता है. अगर आप इसका सेवन करते हैं, तो गले में खुजली या जलन जैसी परेशानी हो सकती है. इसलिए इसका इस्तेमाल सही तरीके से करना जरूरी है.
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
हड़जोड़ का सेवन शुरू करने से पहले कुछ लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. यदि किसी को पथरी की समस्या है या महिला गर्भवती है, तो इसका उपयोग डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं