शरीर में खून की कमी होना एक आम समस्या है. खासकर महिलाएं हीमोग्लोबिन की कमी से ज्यादा परेशान रहती हैं. इसकी वजह से फिर उन्हें थकान, कमजोरी, चक्कर आना और हर समय सुस्ती महसूस होने जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है. हालांकि, एक अच्छी बात यह है कि आप अपने खानपान में सुधार कर, खासकर खाने में आयरन से भरपूर चीजों को शामिल कर नेचुरल तरीके से भी हीमोग्लोबिन को बढ़ा सकते हैं. इसी कड़ी में मशहूर आयुर्वेदिक न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने शरीर में खून बढ़ाने के लिए एक खास चटनी की रेसिपी बताई है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें-
इस चटनी को बनाने के लिए आपको-
- एक कप ताजे कड़ी पत्ते
- दो बड़े चम्मच भुने हुए सफेद तिल
- गुड़ का एक छोटा टुकड़ा
- एक छोटा चम्मच नींबू का रस और
- स्वादानुसार सेंधा नमक चाहिए.
- चटनी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में करी पत्तों को हल्का भून लें. इन्हें तब तक पकाएं, जब तक ये थोड़े कुरकुरे न हो जाएं.
- अब, भुने हुए करी पत्तों को मिक्सर में डालें. इसमें भुने हुए तिल, गुड़, नींबू का रस और सेंधा नमक मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें.
- आप अपनी जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालकर चटनी की गाढ़ी या पतली कंसिस्टेंसी तैयार कर सकते हैं.
- इतना करते ही आपकी स्वादिष्ट और पौष्टिक चटनी बनकर तैयार हो जाएगी.
करी पत्तों में आयरन समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. वहीं, तिल भी आयरन और कैल्शियम का अच्छा स्रोत हैं. गुड़ में भी थोड़ी मात्रा में आयरन होता है. नींबू में मौजूद विटामिन C आयरन को शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करता है. इस तरह इस चटनी को खाना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. न्यूट्रिशनिस्ट रोज कम से कम 3 चम्मच इस चटनी को खाने की सलाह देती हैं.
यहां देखें वीडियो-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं